IND vs PAK: अभिषेक शर्मा पाकिस्तान पर पड़ेंगे अकेले भारी, सूर्यकुमार यादव ने खेलने पर दिया बड़ा अपडेट

पेट में संक्रमण के चलते अभिषेक शर्मा नामीबिया के खिलाफ खेले गए मैच में नहीं खेल पाए थे. पाकिस्तान के खिलाफ भी उनका खेलना संदिग्ध लग रहा था जिससे उनके और भारतीय टीम के फैंस में मायूसी थी.

@OfficialAbhi04
Sagar Bhardwaj

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि की है कि विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा कल यानी रविवार को कोलंबो में खेले जाने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 मुकाबले में खेलेंगे. 

बता दें कि पेट में संक्रमण के चलते अभिषेक शर्मा नामीबिया के खिलाफ खेले गए मैच में नहीं खेल पाए थे. पाकिस्तान के खिलाफ भी उनका खेलना संदिग्ध लग रहा था जिससे उनके और भारतीय टीम के फैंस में मायूसी थी. पेट में संक्रमण के चलते उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन महामुकाबले से एक दिन पहले उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया. हालांकि प्रबंधन ने उन्हें प्लेइंग-11 में सामिल नहीं किया है और उन्हें आराम देने पर जोर दिया है.

'अगर पाक चाहता है कि वो खेलें तो वो खेलेंगे'

कोलंबो पहुंचने पर, भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा की वापसी की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान के कप्तान इस युवा ओपनर के एक्शन को देखना चाहते हैं तो टीम प्रबंधन उन्हें फाइनल लाइन-अप में शामिल कर लेगा. सूर्यकुमार ने मजाक में कहा, 'अगर पाकिस्तान चाहता है कि अभिषेक खेलें तो ठीक है, वे कल खेलेंगे.' लेकिन मजाक को छोड़ दें तो भारतीय कप्तान ने पुष्टि की कि अभिषेक शर्मा रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में प्लेइंग इलेवन में शामिल होंगे.

'हम अभिषेक को खेलते हुए देखना चाहते हैं'

आज इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा था कि वे रविवार को खेले जाने वाले अहम मुकाबले में अभिषेक शर्मा को खेलते हुए देखना चाहते हैं.

आगा ने कहा, 'मैं वास्तव में चाहता हूं- हम सभी जानते हैं कि वह एक अच्छे खिलाड़ी हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि वह कल खेलेंगे क्योंकि हम एक सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं और मुझे उम्मीद है कि वे ठीक हो रहे हैं और कल खेल सकते हैं.'