Asthma : भारत में बढ़ने लगे अस्थमा के मरीज! 'फोराकोर्ट' की बिक्री में आई भारी उछाल, पढ़ें इसके पीछे का कारण
मार्केट रिसर्च फर्म IQVIA के लेटेस्ट डेटा के मुताबिक, 'फोराकोर्ट' दिसंबर में भारतीय फार्मा बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाली दवा बनी है. इसके बाद एंटीबायोटिक्स और एंटी-डाइबिटिक्स दवाएं सबसे ज्यादा बेची गई हैं.
Business News: साल दर साल बढ़ता प्रदूषण और धुंध किस तरह हमारा दम घोंट रही है, इसको लेकर एक बेहद चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है. मार्केट रिसर्च फर्म IQVIA के लेटेस्ट डेटा के मुताबिक, 'फोराकोर्ट' (अस्थामा और सांस रोगों में इस्तेमाल होने वाली दवा) दिसंबर में भारतीय फार्मा बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाली दवा बनी है. इसके बाद एंटीबायोटिक्स और एंटी-डाइबिटिक्स दवाएं सबसे ज्यादा बेची गई हैं. यह लगातार दूसरा महीना है जब भारतीय बाजारों में 'फोराकोर्ट' सबसे ज्यादा बेची जाने वाली दवा बनी है.
IQVIA के डेटा के मुताबिक दिसंबर 2023 में भारत में सबसे ज्यादा बेची गईं दवाएं...
फोराकोर्ट (Foracort)- दिसंबर महीने में भारत में फोराकोर्ट दवा की 85 करोड़ रुपए की बिक्री हुई. इस दवा की बिक्री में पिछले महीने के मुकाबले 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
ग्लाइकोमेट-जीपी (Glycomet-GP)- दिसंबर में भारत में 68 करोड़ रुपए की ग्लाइकोमेट-जीपी दवा बेकी गई. बिक्री में 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई.
मिक्सटार्ड (Mixtard)- भारत में दिसंबर में 68 करोड़ की मिक्सटार्ड बिकी. इस दवा की बिक्री में 11 प्रतिशत की गिरावट आई.
ऑगमेंटिन (Augmentin)- दिसंबर में भारत में 67 करोड़ की ऑगमेंटिन दवा बिकी. इस दवा की बिर्की में 14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई.
लिव-52 (Liv-52)- दिसंबर में 62 करोड़ रुपए की लिव-52 दवा बेकी गई. इस दवा की बिक्री में 36 प्रतिशत की भारी वृद्धि देखी गई.
दमघोंटू प्रदूषण से बढ़ रहे सांस के मरीज
हाल ही के दिनों में फोराकोर्ट की बिक्री में भारी उछाल देखने को मिला है जो बताता है कि प्रदूषण किस कदर इंसानों का दम घोंट रहा है. नवंबर 2023 में इस दवाई की बिक्री (81 करोड़ की बिक्री के साथ) भारत में शीर्ष पर पहुंच गई. आमतौर पर, एंटीबायोटिक दवा ऑगमेंटिन और एंटी-डाइबिटक दवा मिक्सटार्ड संगठित फार्मा खुदरा बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाली दवाएं हैं.
क्या कह रहे एक्सपर्ट
विशेषज्ञों का कहना है कि देश में बढ़ता प्रदूषण, उत्तर भारत में पड़ती कड़ाके की ठंड और कोरोना के दोबारा बढ़ते मामलों के कारण इन दवाओं की बिक्री में वृद्धि देखी जा रही है. दवाओं के टॉप-10 ब्रांड्स की बात करें दिसंबर 2023 में लिव-52 (36%) के बाद सबसे ज्यादा डिमांड फोराकोर्ट (22%) की रही.