IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assam Assembly Election 2026

12वीं पास के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा मौका, SSC स्टेनोग्राफर की निकली भर्ती; जानें डिटेल

एसएससी ने स्टेनोग्राफर ग्रेड सी और डी के 700 से अधिक पदों पर भर्ती निकाली है. 12वीं पास उम्मीदवार 15 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. चयन लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट के आधार पर होगा.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: एसएससी स्टेनोग्राफर भर्ती 2026 का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है. स्टाफ सेलेक्शन कमीशन ने स्टेनोग्राफर ग्रेड सी और ग्रेड डी के लिए 700 से अधिक पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. जो उम्मीदवार सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, वे इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं.

सीएचएसएल, सीजीएल और एमटीएस जैसी भर्तियों की तुलना में स्टेनोग्राफर भर्ती में अपेक्षाकृत कम प्रतियोगिता देखी जाती है क्योंकि इसमें शॉर्टहैंड स्किल जरूरी होती है. यही कारण है कि कई अभ्यर्थी इसे बेहतर अवसर मानते हैं. आवेदन प्रक्रिया 24 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार Staff Selection Commission की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं.

कब है आवेदन की अंतिम तिथि?

आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई 2026 तय की गई है, जबकि शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 16 मई 2026 है. एप्लिकेशन फॉर्म में सुधार के लिए 20 मई से 21 मई 2026 तक का समय दिया गया है. कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा जुलाई-अगस्त 2026 में आयोजित की जाएगी.

शैक्षिक योग्यता

शैक्षिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. यह योग्यता 1 अगस्त 2026 तक पूरी होनी चाहिए. इसके साथ स्टेनोग्राफर के लिए शॉर्टहैंड और ट्रांसक्रिप्शन स्किल भी अनिवार्य है.

ग्रेड डी के लिए उम्मीदवार को इंग्लिश में 50 मिनट और हिंदी में 65 मिनट में ट्रांसक्रिप्शन करना होगा. वहीं ग्रेड सी के लिए इंग्लिश में 40 मिनट और हिंदी में 45 मिनट का समय दिया जाएगा.

आयु सीमा

आयु सीमा ग्रेड सी के लिए 18 से 30 वर्ष और ग्रेड डी के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी. एससी और एसटी को 5 वर्ष, ओबीसी को 3 वर्ष और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को अतिरिक्त छूट मिलेगी.

क्या होता है काम?

स्टेनोग्राफर का काम बड़े अधिकारियों, मंत्रियों और सरकारी विभागों में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काम करना होता है. वे भाषण, नोट्स, पत्र और मीटिंग की जानकारी शॉर्टहैंड में लिखते हैं और कंप्यूटर पर टाइप भी करते हैं. कई बार वे अधिकारियों के दैनिक प्रशासनिक कार्यों में भी मदद करते हैं.

चयन प्रक्रिया

चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट शामिल हैं. स्किल टेस्ट हिंदी और इंग्लिश दोनों में होगा. सैलरी की बात करें तो ग्रेड सी के लिए 9,300 रुपये से 34,800 रुपये तक और ग्रेड डी के लिए 5,200 रुपये से 20,200 रुपये तक वेतन मिल सकता है.

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और पूर्व सैनिकों के लिए आवेदन निशुल्क है.