'आपने सूट क्यों नहीं पहना?' व्हाइट हाउस में Zelensky की पोशाक पर सवाल, जवाब ने मचाई सियासी हलचल

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक बैठक में सूट न पहनने के अपने निर्णय के बारे में बताया. उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध समाप्त होने के बाद वह औपचारिक परिधान में नजर आएंगे.

Social Media
Ritu Sharma

Zelensky: यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की की ड्रेसिंग स्टाइल हमेशा चर्चा का विषय बनी रही है, खासकर उनकी अमेरिका यात्राओं के दौरान. शुक्रवार को वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब एक रिपोर्टर ने ज़ेलेंस्की से उनके सूट न पहनने को लेकर सवाल किया.

व्हाइट हाउस में ज़ेलेंस्की की अनौपचारिक पोशाक पर उठा सवाल

आपको बता दें जब ज़ेलेंस्की ओवल ऑफिस में डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत कर रहे थे, तब रिपोर्टर ब्रायन ग्लेन ने उनसे पूछा, ''आप सूट क्यों नहीं पहनते? क्या आपके पास सूट है?'' इस सवाल पर वहां मौजूद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस हंस पड़े. वहीं ज़ेलेंस्की ने इस पर संक्षिप्त लेकिन प्रभावशाली जवाब दिया, ''जब यह युद्ध ख़त्म हो जाएगा तो मैं पोशाक पहनूंगा. शायद आपकी जैसी कुछ. शायद कुछ बेहतर.''

पहले भी उठ चुके हैं ज़ेलेंस्की की पोशाक पर सवाल

बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब ज़ेलेंस्की की पोशाक को लेकर सवाल खड़े किए गए हैं. उनके जैतूनी हरे रंग के स्वेटशर्ट, कार्गो पैंट और लड़ाकू जूते उनके ट्रेडमार्क बन चुके हैं, जो युद्ध के समय यूक्रेन की गंभीर स्थिति को दर्शाने के लिए पहने जाते हैं.

वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस पर तंज कसते हुए कहा, ''आज आप सभी अच्छे कपड़े पहने हुए हैं.'' इस टिप्पणी के कुछ ही देर बाद व्हाइट हाउस में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्रंप और ज़ेलेंस्की के बीच गरमागरम बहस हुई. ट्रंप ने ज़ेलेंस्की पर अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया, जबकि ज़ेलेंस्की ने उन्हें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के धोखों के बारे में चेताया. बहस इतनी बढ़ गई कि अंततः ज़ेलेंस्की को व्हाइट हाउस छोड़ने के लिए कहा गया.

ज़ेलेंस्की का अंदाज और संदेश

हालांकि, ज़ेलेंस्की की अनौपचारिक पोशाक दुनिया को यह संदेश देती है कि उनका देश अभी भी युद्ध में है. दिसंबर 2024 में भी उन्होंने पेरिस में नोट्रे डेम कैथेड्रल के उद्घाटन और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन व तत्कालीन राष्ट्रपति-चुनाव ट्रंप के साथ बैठक में इसी तरह की पोशाक पहनी थी.