menu-icon
India Daily

अमेरिका ने 'एक सेंट' के सिक्के का उत्पादन किया बंद, ट्रंप ने 232 वर्षों के बाद क्यों लिया ये फैसला; जानें

अमेरिका में 232 साल बाद एक सेंट के सिक्के का उत्पादन बंद कर दिया गया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे अनावश्यक खर्च बताते हुए बंद करने का निर्देश दिया था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अमेरिका ने 'एक सेंट' के सिक्के का उत्पादन किया बंद, ट्रंप ने 232 वर्षों के बाद क्यों लिया ये फैसला; जानें
Courtesy: @Prakashukla and @GrandDaughterX x account

नई दिल्ली: अमेरिका में एक ऐतिहासिक बदलाव करते हुए 232 वर्षों से प्रचलन में रहे एक सेंट के सिक्के का उत्पादन आधिकारिक रूप से बंद कर दिया गया है. आज आखिरी पेनी फिलाडेल्फिया टकसाल में ढाली गई. अमेरिकी टकसाल ने बुधवार, 13 नवंबर को यह घोषणा की कि अब पेनी का निर्माण नहीं किया जाएगा. 

फिलाडेल्फिया टकसाल वही स्थान है जहां 1793 में पहली बार एक सेंट के सिक्के बनाए गए थे. इस प्रकार एक सदी से अधिक समय तक अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मौजूद रहे इस सिक्के की लंबी यात्रा अब समाप्त हो गई. एक सेंट के सिक्के को बंद करने का मुख्य कारण इसकी उत्पादन लागत को बताया गया है.

ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह निर्णय फरवरी में ही सुझा दिया था और सरकार को निर्देश दिए थे कि ऐसे सिक्कों का निर्माण बंद किया जाए जिनकी लागत उनके मूल्य से अधिक हो. ट्रंप ने अपने संदेश में कहा था कि अमेरिका बहुत समय से ऐसे सिक्के बनाता रहा है जिनकी कीमत दो सेंट से अधिक पड़ती है जबकि उनका मूल्य सिर्फ एक सेंट है. उन्होंने इसे पूरी तरह बेकार और अनावश्यक खर्च बताया था.

क्या होगा इससे लाभ?

ट्रंप ने आगे कहा था कि जब नुकसान हो रहा हो, तो यह बेहतर है कि उत्पादन रोक दिया जाए. इससे पहले 1857 में आधा सेंट वह आखिरी सिक्का था जिसे अमेरिका ने बंद किया था. अब एक सेंट का सिक्का भी इतिहास बन चुका है. अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि इससे अर्थव्यवस्था को आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा क्योंकि लागत कम होने से वित्तीय प्रबंधन बेहतर होगा.

क्या है एक सेंट के सिक्के का इतिहास?

एक सेंट के सिक्के का इतिहास बेहद रोचक रहा है. अमेरिका के पहले आधिकारिक प्रचलन वाले सिक्के की शुरुआत 1787 में फूगियो सेंट या फ्रैंकलिन सेंट से हुई थी. इस सिक्के को बेंजामिन फ्रैंकलिन ने डिजाइन किया था. यह सिक्के तांबे से बनाए जाते थे और इसका वजन करीब 10 ग्राम होता था. इन तांबे की धातु की पट्टियों का उपयोग फ्रांस द्वारा अमेरिकी क्रांति के दौरान भेजे गए बारूद के बैरलों को बांधने में किया जाता था. 

सिक्के को कब मिला नया रुप?

यह सिक्का इतिहास और संघर्ष दोनों से जुड़ा माना जाता है. 1909 में एक सेंट के सिक्के को फिर नया रूप दिया गया, जब राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के जन्म की 100वीं वर्षगांठ पर उनकी छवि पहली बार अमेरिकी सिक्के पर अंकित की गई. यह पहली बार था जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की तस्वीर किसी सिक्के के मुखपृष्ठ पर छापी गई थी. यह सिक्का अमेरिकी पहचान और सम्मान से भी जुड़ा रहा और वर्षों तक लोगों के बीच लोकप्रिय बना रहा.

अब उत्पादन बंद होने के साथ यह सिक्का अमेरिका की ऐतिहासिक धरोहर का हिस्सा बन गया है. आम जनता के हाथों में मौजूद पेनी धीरे-धीरे प्रचलन से बाहर हो जाएगी, लेकिन इतिहास में इसकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी.