गोलीबारी में पहले क्यों हटाए गए जेडी वेंस? 20 सेकंड तक मंच पर रहे ट्रंप, सीक्रेट सर्विस एक्शन पर हो रहा विवाद; क्या है सच्चाई
व्हाइट हाउस संवाददाताओं के डिनर में गोलीबारी की घटना के दौरान सीक्रेट सर्विस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को मंच से क्यों हटाया? इस सवाल ने सोशल मीडिया पर तूफान खड़ा कर दिया है.
नई दिल्ली: अमेरिका की राजधानी में व्हाइट हाउस संवाददाताओं के वार्षिक डिनर के दौरान अचानक गोलीबारी की घटना ने पूरे देश को चौंका दिया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस दोनों मंच पर मौजूद थे. जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, सीक्रेट सर्विस के एजेंट सक्रिय हो गए. लेकिन वीडियो देखने वालों को एक बात अजीब लगी- एजेंटों ने पहले जेडी वेंस को मंच से हटाया और करीब 20 सेकंड बाद ट्रंप को. इस क्रम को लेकर सवाल उठने लगे कि क्या प्रोटोकॉल का उल्लंघन हुआ या फिर कोई खास वजह थी? अब 24 घंटे बाद इसकी वजह सामने आ गई है.
ट्रंप से पहले वेंस को क्यों हटाया गया?
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि गोलीबारी शुरू होते ही सीक्रेट सर्विस के एजेंट जेडी वेंस की तरफ दौड़े और उन्हें मंच से खींचकर सुरक्षित जगह ले गए. ट्रंप और मेलानिया उस समय तक मंच पर ही थे. पूर्व सीआईए अधिकारी लेरी जॉनसन ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताया, लेकिन सुरक्षा विशेषज्ञों ने अब स्पष्ट किया कि इसमें कोई गड़बड़ी नहीं थी.
सुरक्षा प्रोटोकॉल क्या कहता है?
अमेरिका में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति दोनों की सुरक्षा सीक्रेट सर्विस संभालती है. जब दोनों एक साथ किसी कार्यक्रम में होते हैं तो उनकी सुरक्षा अलग-अलग टीमों द्वारा कोऑर्डिनेटेड तरीके से की जाती है. एजेंट 360 डिग्री में घेरा बनाकर खड़े रहते हैं ताकि किसी भी दिशा से खतरा आने पर तुरंत कार्रवाई हो सके.
यहां देखें वीडियो
वेंस को पहले हटाने के दो मुख्य कारण
पहला कारण- वेंस जिस जगह बैठे थे, वहां से निकासी का द्वार बहुत नजदीक था. इसलिए उनकी सुरक्षा टीम ने तुरंत उन्हें हटा लिया. दूसरा कारण- ट्रंप और वेंस की सुरक्षा के लिए अलग-अलग एजेंट तैनात थे. वेंस की टीम पहले सक्रिय हुई और उन्हें 20 सेकंड पहले सुरक्षित निकाल लिया गया. ट्रंप को मेलानिया के साथ दूसरे द्वार से हटाया गया, जो थोड़ा दूर था..
ट्रंप को रेंगते हुए निकालने का आदेश
ट्रंप ने बाद में बताया कि जब उन्हें हटाया जा रहा था तो एजेंटों ने उन्हें नीचे रेंगकर चलने को कहा. पूरे ऑपरेशन में सबसे पहले वेंस, फिर ट्रंप दंपति और उसके बाद अन्य कैबिनेट सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया. सुरक्षा विशेषज्ञ मार्क हेरेरा ने कहा कि वेंस को पहले हटाना प्राथमिकता देने का मतलब नहीं है, बल्कि स्थिति के हिसाब से सबसे तेज और सुरक्षित रेस्क्यू था.