IPL 2026

'स्टफ्ड पिग की तरह ईरान का घुट रहा है दम', ट्रंप ने परमाणु डील तक ब्लॉकेड नहीं हटाने की दी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर लगा नौसैनिक ब्लॉकेड तब तक जारी रहेगा जब तक वह परमाणु कार्यक्रम छोड़ने पर सहमत नहीं हो जाता. ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी कि ब्लॉकेड बमबारी से भी ज्यादा प्रभावी है और ईरान अब ‘चोक’ हो रहा है.

social media
Kuldeep Sharma

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि परमाणु हथियार बनाने की कोशिश छोड़ने तक ईरान पर लगा नौसैनिक ब्लॉकेड नहीं हटाया जाएगा. ट्रंप ने दावा किया कि यह ब्लॉकेड बमबारी से कहीं ज्यादा असरदार साबित हो रहा है और ईरान की अर्थव्यवस्था बुरी तरह दबाव में है. Axios को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान अब डील करना चाहता है, लेकिन अमेरिका परमाणु हथियार की किसी भी संभावना को बर्दाश्त नहीं करेगा. इस बीच ईरान ने भी ब्लॉकेड के खिलाफ अभूतपूर्व जवाब देने की धमकी दी है.

ट्रंप ने ईरान को दी नाकेबंदी जारी रखने की धमकी

ट्रंप ने साफ कहा कि फिलहाल ईरान पर लगा ब्लॉकेड जारी रहेगा. उन्होंने ईरान के तेल भंडारण और पाइपलाइनों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वे ‘चोकिंग लाइक ए स्टफ्ड पिग’ की तरह दम घुटने की स्थिति में हैं. ट्रंप का कहना था कि ब्लॉकेड बमबारी से ज्यादा प्रभावी है क्योंकि इससे ईरान अपना कच्चा तेल निर्यात नहीं कर पा रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान को परमाणु हथियार कभी नहीं मिलने चाहिए और इसी शर्त पर कोई डील हो सकती है.

परमाणु मुद्दे पर क्या बोले ट्रंप?

ट्रंप ने कहा कि ईरान अब डील चाहता है क्योंकि ब्लॉकेड उसे बहुत नुकसान पहुंचा रहा है. उन्होंने कहा, 'वे सेटलमेंट चाहते हैं, लेकिन मैं ब्लॉकेड नहीं हटाना चाहता क्योंकि मुझे नहीं चाहिये कि उनके पास न्यूक्लियर वेपन हो.' ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान को अब ‘क्राई अंकल’ कहना होगा यानी ‘हम हार मानते हैं’. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक ईरान परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह छोड़ने की गारंटी नहीं देता, तब तक कोई समझौता नहीं होगा.

ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

ईरान ने अमेरिकी ब्लॉकेड को अपनी सरकार को अस्थिर करने की साजिश बताया है. ईरानी मीडिया ने चेतावनी दी है कि ब्लॉकेड के खिलाफ जल्द ही ‘व्यावहारिक और अभूतपूर्व कार्रवाई’ की जाएगी. ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर घालिबाफ ने कहा कि अमेरिका का यह ‘धोखेबाज प्लान’ कभी कामयाब नहीं होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका आर्थिक दबाव और आंतरिक फूट डालकर ईरान को अंदर से कमजोर करना चाहता है.

ईरान के साथ बातचीत जारी

हालांकि ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत अभी भी जारी है. उन्होंने माना कि ईरान डील की ओर बढ़ना चाहता है लेकिन अमेरिका की मांग बहुत साफ है- पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण. ट्रंप का मानना है कि ब्लॉकेड का दबाव इतना बढ़ गया है कि ईरान को जल्द ही कोई फैसला लेना पड़ेगा. उन्होंने दोहराया कि मध्य पूर्व में शांति तभी संभव है जब ईरान परमाणु हथियार की महत्वाकांक्षा छोड़ दे.

मिडिल ईस्ट पर ट्रंप का कड़ा रुख

ट्रंप ने 2024 के चुनाव में जीत के बाद दूसरी बार राष्ट्रपति पद संभाला है. इस मुद्दे पर उनकी नीति काफी सख्त दिख रही है. उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया है कि ईरान को अब झुकना होगा. वहीं ईरान अपनी संप्रभुता और सुरक्षा का हवाला देते हुए किसी भी दबाव में झुकने से इनकार कर रहा है. दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी चरम पर है और आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.