Thailand Cambodia border clash: F-16 फाइटर जेट, मंदिरों पर दावा, सीमाएं सील, बारूदी सुरंग, थाईलैंड-कंबोडिया तनाव की इनसाइड स्टोरी
थाईलैंड का कहना है कि कंबोडिया ने बारूदी सुरंगें बनाने में रूस में बने नए उपकरणो का इस्तेमाल किया गया है. ये पिछले समझौते का उल्लंघन है जिसके तहत इस क्षेत्र को सुरक्षित माना गया था. एक बारूदी सुरंग विस्फोट में पांच थाई सैनिकों के घायल होने के बाद ये तनाव शुरू हुआ.
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच विवादित बॉर्डर पर तनाव बढ़ने से युद्ध के जैसे हालात हो गए हैं. ताजा तनाव कंबोडिया द्वारा विवादित सीमा पर थाईलैंड के सैन्य ठिकानों पर हमले के बाद शुरू हुआ है. कंबोडिया को जवाब देने के लिए थाईलैंड ने गुरुवार को कंबोडिया से लगी सीमा पर F-16 लड़ाकू विमान तैनात कर दिए.
दोनों देशों के बीच सीमा पर लड़ाई छिड़ने की वजह से कूटनीतिक गतिरोध पैदा हो गए हैं. प्राचीन मंदिरों के नजदीक अपने-अपने दावों को लेकर ये ताजा संघर्ष शुरू हुआ है. कंबोडिया की एयर स्ट्राइक ने इसे और ज्यादा भड़का दिया है. एक बारूदी सुरंग विस्फोट में पांच थाई सैनिकों के घायल होने के बाद ये तनाव शुरू हुआ.
'दोनों देशों ने बॉर्डर किए बंद'
थाइलैंड ने अपने 5 सैनिकों के घायल होने के बाद कंबोडियाई राजदूत को निष्कासित कर दिया और पूर्वोत्तर सीमा पर सभी बॉर्डर बंद कर दिए. कंबोडिया ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए थाइलैंड के साथ ए राजनयिक संबंधों को कम कर दिया और बैंकॉक स्थित अपने दूतावास को भी खाली कर दिया.
किन सीमावर्ती प्रांतों पर टकराव
दोनों देशों के बीच सीमावर्ती प्रांतों सुरिन और ओद्दार मींची के पास कई जगहों पर सैन्य टकराव की खबरें आ रही हैं. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, एक थाई एफ-16 लड़ाकू विमान ने कंबोडिया के ठिकानों पर हवाई हमले किए. गुरुवार सुबह को ता मुएन और ता मोआन थॉम मंदिरों के आसपास झड़पें शुरू हुईं, जिन क्षेत्रों पर दोनों देश अपना दावा करते हैं.
थाईलैंड की सेना का कहना है कि कंबोडियाई सैनिकों ने पहले फायरिंग शुरू की इसके बाद उनका एक ड्रोन और फिर छह सशस्त्र सैनिकों को आते हुए देखा गया. जिसके बाद उन्होंने जवाबी गोलीबारी की. वहीं कंबोडिया का दावा है कि उसके सैनिक थाई सेना के सशस्त्र हमले से अपने राष्ट्रीय क्षेत्र की रक्षा कर रहे थे.
थाईलैंड ने एक नागरिक की मौत की पुष्टि की
थाईलैंड के अधिकारियों का कहना है कि कंबोडिया की ओर से तोपखाने से की गई गोलीबारी में एक थाई नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. इसमें एक पांच साल का बच्चा है. इस हमले में उसके सात सैनिक भी घायल हुए हैं. वहीं कंबोडिया का कहना है कि थाईलैंड ने क्रूर और अवैध सैन्य हमला करते हुए जेट विमानों ने कंबोडियाई क्षेत्र पर बम गिराए और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया.
'हॉस्पिटल को बनाया निशाना'
थाई सेना ने एक फेसबुक पोस्ट में ये दावा किया कि कंबोडियाई तोपखाने ने सुरिन प्रांत के फानोम डोंग राक अस्पताल को निशाना बनाया. इसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन इस हमले से नागरिकों को निशाना बनाए जाने की आशंकाएं बढ़ गई हैं. इस वजह से उसने थाईलैंड ने प्रभावित क्षेत्रों में निकासी की चेतावनी जारी करने के साथ ही सीमा सुरक्षा बढ़ा दी है.
दोनों देशों ने एक दूसरे के राजदूत निकाले
थाइलैंड ने अपने लोगों से कंबोडिया को खाली करने के लिए कहा है. इसके साथ ही उसने कंबोडिया से लगे सभी बॉर्डर बंद कर दिए हैं. 48 घंटे से कम समय में दोनों देशों ने एक दूसरे के राजदूत निकाले हैं. कंबोडिया ने राजनीयिक संबंध निम्न स्तर पर पहुंचा दिए हैं. बैंकाक दूतावास से उसने अपने अधिकांश कर्मचारियों को वापस बुला लिया है.
'कंबोडिया ने विवादित क्षेत्र में लगाई नई बारूदी सुरंगें'
बारूदी सुरंगों ने ही दोनों देशों के बीच संबंधों को बहुत खराब स्थिति में पहुंचा दिया है. थाईलैंड का दावा है कि कंबोडिया ने विवादित क्षेत्र में लगाई नई बारूदी सुरंगें बिछाई हैं.थाईलैंड का दावा है कि बारूदी सुरंगें बनाने में रूस में बने नए उपकरणो का इस्तेमाल किया गया है. ये पिछले समझौते का उल्लंघन है जिसके तहत इस क्षेत्र को सुरक्षित माना गया था. कंबोडिया का दावा है कि विस्फोट सीमा के उसके हिस्से में हुआ है. उसने इसके लिए पिछले युद्धों से बचे हुए उन गोला-बारूद को जिम्मेदार ठहराया है जो सक्रिय थे.