फ्लाइट में शाकाहारी यात्री को परोसा गया मांस, डेढ़ घंटे में हुई मौत, अब परिवार मांग रहा इंसाफ
अशोक जयवीरा कतर एयरवेज की फ्लाइट से सफर कर रहे थे. कैलिफोर्निया स्टेट कोर्ट में 31 जुलाई को दायर शिकायत में उनके बेटे ने कहा कि उन्हें दिए गए भोजन में मांस खाने की कोशिश करते समय उनका दम घुटने लगा और बाद में उसकी मौत हो गई.
Qatar Airways Passenger Death: अमेरिका से श्रीलंका जा रही कतर एयरवेज की फ्लाइट में एक शाकाहारी यात्री को मांस परोसने का आरोप है, जिसे खाने से यात्री की मौत हो गयी. जानकारी के मुताबिक कैलिफोर्निया के 85 वर्षीय हृदय रोग विशेषज्ञ अशोक जयवीरा कतर एयरवेज की फ्लाइट से सफर कर रहे थे. आरोप है कि उन्हें मांस परोसा गया, जबकि वो शाकाहारी थे. आरोप है कि मांस खाने से अशोक की मौत हो गई. परिजनों ने मामला दर्ज कराया है, जिसके बाद मामले की जांच की जा रही है.
दरअसल ये मामला जुलाई 2023 का है, जब कैलिफोर्निया के 85 वर्षीय हृदय रोग विशेषज्ञ अशोक जयवीरा कतर एयरवेज की फ्लाइट से सफर कर रहे थे. कैलिफोर्निया स्टेट कोर्ट में 31 जुलाई को दायर शिकायत में उनके बेटे ने कहा कि उन्हें दिए गए भोजन में मांस खाने की कोशिश करते समय उनका दम घुटने लगा और बाद में उसकी मौत हो गई. शिकायत में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उन्हें किस खाने से दम घुटा, लेकिन परिजनों का आरोप है कि भोजन में मांस खाने की कोशिश करते समय मांस का टुकड़ा फंसने से उनकी मौत हो गई. परिजनों ने एयरवेज से मुआवजे की मांग की है.
परिजनों का आरोप - एयरवेज के चालक दल के सदस्यों ने नहीं की मदद
परिजनों का आरोप है कि जब जयवीरा का दम घुटने लगा, तो कतर एयरवेज के चालक दल के सदस्यों ने उनकी मदद की. हालांकि, पायलट इमरजेंसी लैंडिंग नहीं कर सका. शिकायत के अनुसार केबिन क्रू ने मेडएयर से संपर्क किया, जो एक ऐसी सेवा है जहां विमानन-प्रशिक्षित आपातकालीन डॉक्टर एयरलाइन कर्मचारियों को उड़ान के दौरान होने वाली चिकित्सा आपात स्थितियों में दूर से मार्गदर्शन प्रदान करते हैं. शिकायत में कहा गया है कि अशोक जयवीरा की मॉनिटरिंग की गई और उनका ऑक्सीजन सैचुरेशन लेवल 69 प्रतिशत था. बाद में उन्हें ऑक्सीजन और दवाएं भी दी गईं, लेकिन चालक दल उन्हें होश में लाने में विफल रहा.