'डोनबास दे दो वरना पुतिन तुम्हें नेस्तनाबूद कर देंगे', जेलेंस्की से बोले ट्रंप, व्हाइट हाउस में चली गाली-गलौज वाली बहस
Trump Zelensky Meeting: ट्रंप ने जेलेंस्की को चेतावनी दी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ कहा है- अगर यूक्रेन ने रूस के प्रस्ताव को ठुकराया, तो वे पूरे देश को तबाह कर देंगे.
Trump Zelensky Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की पर रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए मॉस्को की कठोर शर्तें मानने का जबरदस्त दबाव डाला. फाइनेंशियल टाइम्स की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, यह बैठक इतनी तल्ख हो गई कि दोनों नेताओं के बीच चीखने-चिल्लाने और गालियों का दौर चला.
...तो पूरे देश को तबाह कर देंगे
ट्रंप ने जेलेंस्की को चेतावनी दी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ कहा है- अगर यूक्रेन ने रूस के प्रस्ताव को ठुकराया, तो वे पूरे देश को तबाह कर देंगे. यूरोपीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप ने पुतिन की भाषा ही अपना ली, युद्ध को 'विशेष अभियान' करार देते हुए कहा, "अगर वे चाहें, तो तुम्हें नेस्तनाबूद कर देंगे."
ट्रंप का नक्शा फेंकना और डोनबास पर जिद
बैठक के दौरान यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल ने मोर्चे पर चल रही जवाबी कार्रवाई के नक्शे पेश किए, लेकिन ट्रंप ने उन्हें एक नजर में खारिज कर दिया. उन्होंने नक्शे को फेंकते हुए कहा कि वे इससे 'बीमार' हो चुके हैं और 'लाल रेखा' को पहचानते ही नहीं.
पूरा डोनबास रूस को सौंप दें जेलेंस्की
ट्रंप ने जोर देकर कहा कि जेलेंस्की को पूरा डोनबास क्षेत्र रूस को सौंप देना चाहिए, भले ही यूक्रेन की मौजूदा जवाबी सफलताएं कुछ और कह रही हों. बाद में ट्रंप ने वर्तमान मोर्चे पर युद्धविराम का समर्थन किया, लेकिन लंबी दूरी की टोमाहॉक क्रूज मिसाइलों की डिलीवरी को सिरे से नकार दिया. व्हाइट हाउस और जेलेंस्की कार्यालय ने रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की.
पुतिन का नया सौदा: डोनबास यूक्रेन को महंगा पड़ेगा?
पुतिन ने ट्रंप को हालिया प्रस्ताव में डोनबास के बाकी हिस्सों को रूस को सौंपने की शर्त रखी, बदले में खेरसॉन और जापोरिज्जिया के छोटे-मोटे इलाके यूक्रेन के पास रखने की पेशकश की. यह अगस्त के अलास्का प्रस्ताव से थोड़ा पीछे हटना था, जहां पूरे डोनबास, खेरसॉन और जापोरिज्जिया की मांग की गई थी लेकिन यूक्रेनी अधिकारी इसे 'अस्वीकार्य' मानते हैं, क्योंकि यह देश की संप्रभुता पर सीधी चोट है.
ट्रंप ने पुतिन के तर्क दोहराते हुए कहा कि रूस की अर्थव्यवस्था 'बहुत मजबूत' है, जो उनके पुराने बयानों का उल्टा है जहां उन्होंने मॉस्को को 'ढहने' की कगार पर बताया था.
पुतिन कुछ तो लेंगे
ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में शांति पर भरोसा जताया, कहा कि पुतिन 'कुछ तो लेंगे- उन्होंने कुछ संपत्ति जीत ली है.'