menu-icon
India Daily

पाकिस्तान में शादी से इंकार की सज़ा, ज़हर देकर मार दी गई टिकटॉक स्टार सुमीरा राजपूत, बेटी ने खोला सनसनीखेज राज़

सिंध प्रांत के घोटकी ज़िले के बागो वाह इलाके में टिकटॉकर सुमीरा राजपूत की मौत ने पाकिस्तान में जबरन शादी, महिलाओं पर हिंसा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता खड़ी कर दी है. पीड़िता की बेटी के मुताबिक, शादी से इनकार करने पर उन्हें ज़हरीली गोलियां दी गईं. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
पाकिस्तान में शादी से इंकार की सज़ा, ज़हर देकर मार दी गई टिकटॉक स्टार सुमीरा राजपूत, बेटी ने खोला सनसनीखेज राज़
Courtesy: WEB

पाकिस्तान से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक लोकप्रिय टिकटॉक कंटेंट क्रिएटर सुमीरा राजपूत की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. सुमीरा की 15 वर्षीय बेटी का आरोप है कि उनकी मां को जबरन शादी के लिए दबाव डालने वाले लोगों ने ज़हर देकर मार डाला. यह मामला पाकिस्तान में महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ बढ़ते अपराधों की एक और कड़ी बन गया है.

सुमीरा राजपूत की 15 वर्षीय बेटी, जो खुद भी एक टिकटॉक कंटेंट क्रिएटर है, ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उसकी मां पर जबरन शादी के लिए दबाव बना रहे थे. जब सुमीरा ने मना किया, तो उन्हें ज़हर दे दिया गया. लड़की का कहना है कि आरोपी उन्हें ज़हरीली गोलियां देकर मार गए. यह बयान खुद ज़िले के पुलिस अधिकारी अनवर शेख ने मीडिया को दिया है.

टिकटॉक पर 58 हजार फॉलोवर

सुमीरा राजपूत के टिकटॉक पर 58 हज़ार से अधिक फॉलोअर्स और लाखों लाइक्स थे. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोकप्रियता के बावजूद, वह असुरक्षा और दबाव में जी रही थीं. उनकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर आक्रोश देखने को मिला है, लेकिन स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. पुलिस जांच तो कर रही है, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है और न ही हत्या की मंशा पर आधिकारिक पुष्टि हुई है.

यह कोई अकेला मामला नहीं है

सुमीरा का मामला कोई अपवाद नहीं है. पिछले महीने ही 17 वर्षीय टिकटॉकर सना यूसुफ की इस्लामाबाद में घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. आरोपी उमर हयात को गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से सना से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था. सना की मौत के बाद #JusticeForSanaYousuf जैसे हैशटैग सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे थे. लेकिन महिलाओं के खिलाफ लगातार हो रही ऐसी हिंसाओं पर पाकिस्तान की सरकार अभी भी चुप्पी साधे बैठी है.