नई दिल्ली: अमेरिका में जेफरी एपस्टीन से जुड़े नए फोटो सार्वजनिक होने के बाद एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. अमेरिकी संसद की हाउस ओवरसाइट कमेटी से जुड़े डेमोक्रेट सांसदों ने गुरुवार को 68 नई तस्वीरें जारी कीं. इन तस्वीरों में यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन कई प्रभावशाली और मशहूर लोगों के साथ नजर आ रहा है. इन नामों में माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक बिल गेट्स, फिल्म निर्माता वुडी एलन, गूगल के सह संस्थापक सर्गेई ब्रिन, दार्शनिक नोम चॉम्स्की और पूर्व ट्रंप सलाहकार स्टीव बैनन शामिल हैं.
तस्वीरों में एपस्टीन अलग अलग सामाजिक कार्यक्रमों और निजी मुलाकातों के दौरान इन लोगों के साथ दिखाई देता है. इसके अलावा न्यूयॉर्क टाइम्स के कॉलमिस्ट डेविड ब्रूक्स भी कुछ तस्वीरों में दिखे हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स ने बयान जारी कर कहा कि ब्रूक्स केवल 2011 में एक सार्वजनिक डिनर में शामिल हुए थे और उनका एपस्टीन से पहले या बाद में कोई संपर्क नहीं था.
NEW: Oversight Dems are releasing additional photos from Jeffrey Epstein's estate to the public.
— Oversight Dems (@OversightDems) December 18, 2025
We will continue releasing photographs and documents to provide transparency for the American people. It’s time for the Department of Justice to release the files. pic.twitter.com/ZGAvxVLCUq
डेमोक्रेट सांसदों ने साफ किया है कि इन तस्वीरों के सार्वजनिक होने का मतलब किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अपराध का आरोप नहीं है. कमेटी ने कहा कि जारी की गई किसी भी तस्वीर में एपस्टीन के साथ दिख रहे लोगों द्वारा किसी आपराधिक गतिविधि का सबूत नहीं है.
यह तस्वीरें ऐसे समय पर जारी की गई हैं जब अमेरिकी न्याय विभाग को एपस्टीन और घिसलेन मैक्सवेल से जुड़े केस फाइल्स इस सप्ताह के अंत तक सार्वजनिक करने की समय सीमा दी गई है. यह निर्देश राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा साइन किए गए एक कानून के तहत दिया गया है.
नई फोटो खेप में केवल मशहूर लोगों के साथ तस्वीरें ही नहीं हैं. इसमें कई देशों के पासपोर्ट, वीजा और पहचान पत्रों की तस्वीरें भी शामिल हैं. इनमें रूस, यूक्रेन, साउथ अफ्रीका और लिथुआनिया जैसे देशों के दस्तावेज शामिल बताए गए हैं. सभी संवेदनशील जानकारियां ब्लैक कर दी गई हैं.
कुछ तस्वीरों में एक महिला के शरीर पर विवादित उपन्यास लोलीटा की पंक्तियां लिखी हुई नजर आती हैं. लोलीटा उपन्यास एक नाबालिग लड़की को लेकर लिखी गई कहानी है और इसे काफी विवादास्पद माना जाता है. इन तस्वीरों में महिला का चेहरा छुपाया गया है.
ये तस्वीरें हाउस ओवरसाइट कमेटी को तब मिलीं जब उसने 2019 में न्यूयॉर्क जेल में एपस्टीन की मौत से पहले उसके पास मौजूद चीजों के लिए सबपोना जारी किया था. ये तस्वीरें अब कमेटी के पास मौजूद 95,000 से ज्यादा तस्वीरों के बहुत बड़े कलेक्शन का हिस्सा हैं.