'वो बिल्डिंग में थे जब बमबारी', मोजतबा खामेनेई की कैसी है हालत? ईरानी सुप्रीम लीडर के करीबी ने जंग के बीच ये क्या कह दिया

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई पूरी तरह स्वस्थ हैं और सक्रिय रूप से कामकाज संभाल रहे हैं. उनके करीबी अयातुल्ला मोहसेन कोमी ने अमेरिका और पश्चिम की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया.

Pinterest
Reepu Kumari

नई दिल्ली: तेहरान से आ रही खबरों ने एक बार फिर ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत पर अमेरिका के दावों पर विराम लगा दिया है. ईरानी सुप्रीम लीडर के कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय मामलों के उप-प्रमुख और विशेषज्ञों की सभा के सदस्य अयातुल्ला मोहसेन कोमी ने उनके हेल्थ पर अपडेट दिया है. शुक्रवार को कोमी ने कहा कि वो पूरी तरह स्वस्थ हैं और ठीक हैं. मीडिया रिपोर्ट की मानें तो कोमी ने कहा कि पश्चिम इस तरह की रणनीति अपनाकर उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त करने और अफवाहें फैलाने का काम करता है.

'दुश्मन की चाल'

खबरों के अनुसार उन्होंने कहा, 'कुछ लोग महामहिम नेता, अयातुल्ला सैय्यद मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य के बारे में पूछते हैं. यह दुश्मन की चाल है, जो यह जानना चाहता है, 'वे उपस्थित क्यों नहीं हैं? वे कोई ऑडियो या वीडियो संदेश क्यों नहीं भेजते? उनसे मिलने वाले लोग सामने आकर क्यों नहीं बोलते?' वे इन सवालों का इस्तेमाल हमें प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर करने के लिए करना चाहते हैं, ताकि वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें.'

अब कैसी है सुप्रीम लीडर की हालत ?

कोमी ने कहा कि चोटों के बावजूद, ईरानी अधिकारी अब सुप्रीम लीडर के जीवन की रक्षा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. उन्होंने कहा, 'इस समय हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा महामहिम नेता के जीवन की रक्षा करना है, जो इस समय धरती पर 'खुदा का प्रमाण' हैं. 'मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि वहां लगी चोटों के बावजूद, सर्वशक्तिमान खुदा ने उन्हें शियाओं के लिए एक अनमोल धरोहर के रूप में सुरक्षित रखा है.'

'उसी इमारत में बमबारी...'

कोमी ने इस बात की भी पुष्टि की कि मोजतबा खामेनेई उस इमारत में मौजूद थे जिस पर बमबारी हुई थी, लेकिन फिर भी उनकी जान बच गई. उन्होंने कहा, 'वह उसी इमारत में थे जिस पर बमबारी हुई थी, जहां अन्य लोग शहीद हुए थे. विस्फोट से कुछ ही मिनट पहले, खुदा की इच्छा से वह आंगन में चले गए थे. खुदा ने उन्हें बचा लिया.'

'सक्रिय रूप से कामकाज संभाल रहे'

फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, कोमी ने कहा, 'फिलहाल वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और सक्रिय रूप से मामलों का देखरेख कर रहे हैं.वो बातचीत और फील्ड ऑपरेशन से संबंधित मामलों की सीधी देखरेख करते हैं. हाल ही में उन्होंने बातचीत दल को विभिन्न परिस्थितियों में क्या कार्रवाई करनी है, इस बारे में विशेष निर्देश भी दिए हैं. स्थिति पर उनका पूरा नियंत्रण है.'

28 फरवरी से नहीं दिखे मोजतबा खामेनेई 

न्यूयॉर्क टाइम्स ने पहले बताया था कि 28 फरवरी को पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के आवास पर हुए हवाई हमलों के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दे रहे हैं. इस हमले में उनकी पत्नी और बेटे की भी मौत हो गई थी. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, तब से मोजतबा खामेनेई तक पहुंच बेहद सीमित है और केवल कुछ चुनिंदा लोग - मुख्य रूप से चिकित्सा कर्मी - ही हमलों में लगी चोटों से उबरने के दौरान उनकी देखभाल कर रहे हैं.