West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

कनाडा में फिर से बिश्नोई गैंग ने मचाई दहशत, कारोबारी की हत्या से खौफ का माहौल, पंजाबी सिंगर के घर पर चलाई गोलियां

कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कारोबारी दर्शन सिंह की हत्या कर दी और पंजाबी सिंगर चन्नी नट्टन के घर के बाहर फायरिंग की. गोल्डी ढिल्लन ने सोशल मीडिया पर इन दोनों घटनाओं की जिम्मेदारी ली है. कनाडा सरकार पहले ही इस गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित कर चुकी है.

@ani_digital and @sukhgrewalbjp x account
Km Jaya

नई दिल्ली: कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की दहशत एक बार फिर देखने को मिली है. गैंग ने कनाडा के कारोबारी दर्शन सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी. इसके बाद पंजाबी सिंगर चन्नी नट्टन के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. दोनों वारदातों से कनाडा के पंजाबी समुदाय में भारी दहशत फैल गई है. रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक कारोबारी दर्शन सिंह साहसी पर हमला बेहद योजनाबद्ध तरीके से किया गया था.

गैंग ने इस घटना से जुड़ा वीडियो भी जारी किया. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली है. उसने लिखा कि दर्शन सिंह नशे के कारोबार से जुड़ा था और जब उसने गैंग को पैसे देने से इंकार किया, तब उसकी हत्या कर दी गई.

गोल्डी ढिल्लन ने अपने पोस्ट में क्या कहा?

घटना के तुरंत बाद गोल्डी ढिल्लन ने एक और पोस्ट डाली जिसमें उसने बताया कि पंजाबी गायक चन्नी नट्टन के घर के बाहर फायरिंग भी उसी के गिरोह ने की. हालांकि उसने साफ किया कि नट्टन से उसकी कोई निजी दुश्मनी नहीं है, लेकिन गायक सरदार खेहरा के साथ उसकी नजदीकी के कारण उसे निशाना बनाया गया. ढिल्लन ने सोशल मीडिया पर सख्त चेतावनी देते हुए लिखा कि जो भी सरदार खेहरा के साथ आगे कोई काम करेगा, उसे अपने नुकसान के लिए खुद जिम्मेदार होना पड़ेगा.

कनाडा में अभी कैसी है स्थिति?

इस फायरिंग की घटना से कनाडा में रह रहे भारतीयों में खौफ का माहौल है. पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पोस्ट की डिजिटल जांच भी जारी है. कनाडा पुलिस ने कहा है कि वे गोल्डी ढिल्लन समेत गिरोह के अन्य सदस्यों पर निगरानी रख रहे हैं.

क्यों किया आतंकवादी संगठन घोषित?

सितंबर 2025 में कनाडा सरकार ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित किया था. यह कदम गैंग की हिंसक गतिविधियों, जबरन वसूली और धमकी भरे अपराधों के चलते उठाया गया था. इसके बाद से इस गिरोह से जुड़ी किसी भी आर्थिक गतिविधि या संपर्क को कनाडा में अपराध माना गया है. कनाडा में भारतीय गैंगस्टर्स की सक्रियता लगातार बढ़ रही है. पिछले कुछ महीनों में बिश्नोई गैंग का नाम कई अपराधों में सामने आया है. कनाडा के कई शहरों में यह गिरोह अब डर का पर्याय बन चुका है.