अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अक्सर अजीब बयान देते सुना गया है. कई बार वह सार्वजनिक रूप से दूसरे का मजाक बना देते हैं, लेकिन इस बार परिस्थिति विपरीत नजर आई. ऐसा तब हुआ जब मंगलवार को व्हाइट हाउस में एक राजकीय भोज के दौरान किंग चार्ल्स III ने ट्रंप को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया.
व्हाइट हाउस में दोनों देशों के प्रमुख भोज के दौरान मजाक-मस्ती कर रहे थे. इसी दौरान चार्ल्स ने ट्रंप की उन पुरानी टिप्पणियों का जिक्र किया, जिनमें ट्रंप ने यूरोपीय सहयोगियों पर आरोप लगाया था कि वे दूसरे विश्व युद्ध के बाद से रक्षा खर्च के मामले में अमेरिका पर मुफ्त के बोझ बने हुए हैं.
किंग चार्ल्स ने उनकी इस टिप्पणी का मजाक में जवाब देते हुए कहा कि मिस्टर प्रेसिडेंट, आपने हाल ही में टिप्पणी की थी कि अगर अमेरिका न होता, तो यूरोपीय देश जर्मन भाषा बोल रहे होते. तो क्या मैं यह कहने की हिम्मत कर सकता हूं कि अगर हम न होते, तो आप फ्रेंच भाषा बोल रहे होते?
मजाक में उन्होंने उन जगहों के बारे में बात की, जिनकी जड़ें ब्रिटिश और फ्रेंच इतिहास से जुड़ी हैं. अमेरिका की आजादी से पहले, इन दोनों प्रतिद्वंद्वी औपनिवेशिक ताकतों ने इस महाद्वीप पर अपना नियंत्रण स्थापित करने के लिए आपस में लड़ाई लड़ी थी. याद दिला दें कि जनवरी में दावोस शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा था कि दूसरे विश्व युद्ध में अमेरिका की मदद के बिना आप लोग जर्मन और थोड़ी-बहुत जापानी भाषा बोल रहे होते.
A lot of jokes from King Charles tonight.
— Acyn (@Acyn) April 29, 2026
“You recently commented, Mr. President, that if it were not for the United States, European countries would be speaking German. Dare I say that if it wasn't for us, you'd be speaking French” pic.twitter.com/9EyxNMLxCR
अमेरिका इस समय ईरान के साथ लड़ाई लड़ रहा है. ईरान युद्ध को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव के बावजूद, चार्ल्स ने लंदन और वॉशिंगटन के बीच विशेष संबंधों को लेकर आपस में तालमेल बिठाया. उन्होंने ट्रंप पर और भी मजाक किए. उन्होंने कहा कि वह व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग में हो रहे बदलावों को नजरअंदाज नहीं कर पाए. ट्रंप ने, जो पहले एक रियल एस्टेट कारोबारी थे, इस हिस्से को तुड़वाकर वहां 400 मिलियन डॉलर की लागत से एक विशाल बॉलरूम बनवाया है.
चार्ल्स ने कहा कि मुझे यह कहते हुए अफसोस हो रहा है कि हम ब्रिटिश लोगों ने भी 1814 में व्हाइट हाउस के रियल एस्टेट पुनर्विकास का अपना एक प्रयास किया था. वह उस घटना का जिक्र कर रहे थे, जब ब्रिटिश सैनिकों ने इस इमारत में आग लगा दी थी. हालांकि चार्ल्स के भाषण पर ट्रंप ने कहा कि मैं चार्ल्स को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने आज कांग्रेस में एक शानदार भाषण दिया. उन्होंने डेमोक्रेट्स को भी खड़े होने पर मजबूर कर दिया. ऐसा मैं आज तक कभी नहीं कर पाया.