US Israel Iran War

'इसे कहीं भी ट्रांसफर नहीं किया जाएगा...', ईरान ने एनरिच्ड यूरेनियम सौंपने के ट्रंप के दावे को किया खारिज

ईरान ने ट्रंप के उस दावे को खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि वह अपना समृद्ध यूरेनियम अमेरिका को सौंप देगा. ईरान ने साफ किया कि यह मुद्दा बातचीत में शामिल ही नहीं था.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: ईरान ने एक बार फिर अमेरिका को अपने एनरिच्ड यूरेनियम का भंडार सौंपने से इनकार कर दिया है. उसने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे को खारिज कर दिया है कि इस्लामिक गणराज्य ने इसे ट्रांसफर करने पर सहमति दे दी है. मध्य पूर्व के इस देश ने साफ किया कि यूरेनियम का यह भंडार उसके ही नियंत्रण में रहेगा और इसे कहीं भी ट्रांसफर नहीं किया जाएगा.

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने सरकारी टीवी को बताया, 'ईरान का एनरिच्ड यूरेनियम कहीं भी ट्रांसफर नहीं किया जाएगा.' उन्होंने कहा, 'ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को अमेरिका को ट्रांसफर करने का मुद्दा बातचीत के दौरान कभी उठाया ही नहीं गया.'

बाकाई ने आगे क्या बताया?

बाकाई ने बताया कि पिछले हफ्ते पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ हुई बातचीत का मुख्य मकसद मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष को खत्म करना था. जो 28 फरवरी को शुरू हुआ था, न कि ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को हासिल करना. इसके अलावा प्रतिबंधों को हटाने और चल रहे संघर्ष से हुए नुकसान के लिए मुआवज़ा पाने पर भी चर्चा हुई.

पिछली बातचीत का क्या था मु्द्दा?

उन्होंने कहा, 'पिछली बातचीत का मुख्य मुद्दा परमाणु मसला था, लेकिन अब बातचीत युद्ध को खत्म करने पर केंद्रित है. जाहिर है अब चर्चा के विषयों का दायरा और भी ज्यादा व्यापक और विविध हो गया है.' उन्होंने आगे कहा, 'प्रतिबंधों को हटाने के लिए बनाया गया 10-सूत्रीय प्लान हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है. थोपे गए इस युद्ध के दौरान हुए नुकसान के लिए मुआवज़े का मुद्दा हमारे लिए विशेष महत्व रखता है.'

ट्रंप ने क्या किया था दावा?

काफी लंबे समय से अमेरिका ईरान के परमाणु कार्यक्रम की आलोचना करता रहा है. उसका जोर इस बात पर रहा है कि तेहरान को किसी भी हाल में परमाणु हथियार हासिल करने की इजाज़त नहीं दी जा सकती. ट्रंप बार-बार यह दावा करते रहे हैं कि शांति समझौते के तहत ईरान ने आखिरकार अपने यूरेनियम के भंडार को अमेरिका को सौंपने पर सहमति दे दी है लेकिन तेहरान ने हर बार इस दावे को सिरे से खारिज किया है.

'हम ईरान के साथ मिलकर बहुत सारे एक्सकेवेटर यानी खुदाई करने वाली मशीनें लेकर वहां जाएंगे और उसे हासिल करेंगे. हमें ऐसे सबसे बड़े एक्सकेवेटर चाहिए जिनकी आप कल्पना भी कर सकते हैं लेकिन हम ईरान के साथ मिलकर वहां जाएंगे, उसे हासिल करेंगे और उसे वापस अपने घर USA ले जाएंगे.' ट्रंप ने एरिजोना के फीनिक्स में 'टर्निंग पॉइंट USA' कार्यक्रम में बोलते हुए यह बात कही.

ईरान के पास कितना है एनरिच्ड?

रिपोर्ट के मुताबिक अभी भी ईरान के पास 60 प्रतिशत तक एनरिच्ड यूरेनियम मौजूद है. जो परमाणु बम बनाने के लिए जरूरी 90 प्रतिशत के स्तर के काफी करीब है और साथ ही उसके पास 20 प्रतिशत तक एनरिच्ड यूरेनियम का भी एक भंडार मौजूद है.