इंसानों में भी फैल जाएगा बर्ड फ्लू? कोरोना जैसी महामारी का खतरा क्यों जता रहे एक्सपर्ट?
H5N1 Bird Flu Virus: पक्षियों को होने वाली बीमारी इंसानों में पाए जाने से दुनियाभर में हड़कंप मच गया है. आशंका जताई जा रही है कि यह कोरोना की तरह ही महामारी का रूप ले सकती है.
कोरोना महामारी अब लगभग खत्म हो चुकी है. इसके बावजूद पूरी दुनिया इसका कहर भूली नहीं है. अब दुनियाभर के कई विशेषज्ञों ने एक और महामारी की चेतावनी दी है. इनका मानना है कि एक तरह का बर्ड फ्लू यानी HPAI (H5N1) वायरस पक्षियों के जरिए जानवरों और इंसानों में भी फैल सकता है. अगर वैज्ञानिकों की आशंका सही साबित होती है तो यह बीमारी देखते ही देखते पूरी दुनिया में फैल जाएगी और महामारी का रूप भी ले सकती है.
हाल ही में अमेरिका के टेक्सास शहर के खेतों में काम करने वाले एक मजदूर को बर्ड फ्लू से संक्रमित पाया गया. अमेरिका के सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने 1 अप्रैल को इसकी पुष्टि भी कर दी. इसकी रिपोर्ट सामने आते ही दुनियाभर में खतरे की घंटी बज गई है. हालांकि, अभी भी इसको लेकर कई तरह की जांच की जा रही है. कहा जा रहा है कि यह वायरस पक्षियों से गाय में और फिर इंसान में पहुंचा है.
2022 में भी आया था बर्ड फ्लू का केस
इस मरीज की आंखें लाल हो गई थीं. CDC ने अपने बयान में बताया, "इस मरीज को अकेले रहने को कहा गया था. फिलहाल उसे ऐंटी वायरल ड्रग दिया जा रहा है." रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के दूसरे राज्यों में भी बर्ड फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं. इससे पहले, 2022 में कोलोराडो के एक इंसान में बर्ड फ्लू के लक्षण पाए गए थे. उस वक्त भी डॉक्टरों ने लोगों को बर्ड फ्लू के प्रति आगाह किया था.
विशेषज्ञों का कहना है कि यह वायरस कई सालों से महामारी की लिस्ट में टॉप पर रहा है और अब यह उस स्तर तक पहुंच गया है जहां से यह खतरनाक रूप ले सकता है. बता दें कि साल 2003 में भी इंसान बर्ड फ्लू से संक्रमित हुए थे. उस वक्त कुल 887 लोग इससे प्रभावित हुए थे जिसमें से 462 लोगों में बर्ड फ्लू के गंभीर लक्षण पाए गए थे.