नई दिल्ली: बांग्लादेश के 2024 छात्र आंदोलन से उभरे प्रमुख नेता उस्मान हादी का गुरुवार को सिंगापुर के एक अस्पताल में निधन हो गया. सिंगापुर के विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर उनकी मौत की पुष्टि की. बयान के अनुसार, उस्मान हादी एक हत्या की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हुए थे और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
उस्मान हादी को 15 दिसंबर को आपात इलाज के लिए बांग्लादेश से सिंगापुर एयरलिफ्ट किया गया था. उन्हें सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल की न्यूरोसर्जिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया था. सिंगापुर के विदेश मंत्रालय ने बताया कि डॉक्टरों की पूरी कोशिशों के बावजूद 18 दिसंबर 2025 को उनकी मौत हो गई. फिलहाल सिंगापुर प्रशासन बांग्लादेश हाई कमीशन के साथ मिलकर हादी के शव को ढाका भेजने की प्रक्रिया में जुटा है.
VIDEO | Bangladesh's interim government chief Muhammad Yunus appeals for peace as Sharif Osman Hadi, a prominent leader of the July Uprising and a spokesperson of the Inqilab Manch who was shot last week, died on Thursday night while undergoing treatment at a Singapore hospital… pic.twitter.com/nej9SUJs3h
— Press Trust of India (@PTI_News) December 18, 2025
यह हमला 12 दिसंबर को ढाका में हुआ था. उस समय उस्मान हादी राजधानी के पल्टन इलाके के कलवर्ट रोड पर बैटरी से चलने वाले ऑटो रिक्शा में यात्रा कर रहे थे. इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी, जो उनके सिर में लगी. हमले के बाद उन्हें तुरंत ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया और बाद में एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत नाजुक होने पर उन्हें सिंगापुर रेफर किया गया.
उस्मान हादी बांग्लादेश के चर्चित छात्र आंदोलन से जुड़े नेता थे. वह एंटी हसीना प्लेटफॉर्म इंकलाब मंच के सदस्य और प्रवक्ता थे. आगामी फरवरी चुनाव के लिए वह ढाका 8 सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में प्रचार कर रहे थे. इंकलाब मंच पिछले साल जुलाई में हुए छात्र आंदोलन के दौरान चर्चा में आया था, जिसने शेख हसीना की सत्ता से विदाई में अहम भूमिका निभाई थी. हालांकि बाद में यूनुस सरकार ने इस संगठन को भंग कर दिया और चुनाव लड़ने से रोक दिया.
बांग्लादेश के अंतरिम नेता मोहम्मद यूनुस ने राष्ट्र के नाम संबोधन में इस हत्या पर दुख जताया. उन्होंने एक दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया और हमले की जांच का वादा किया. यूनुस ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने जनता से शांति और संयम बनाए रखने की अपील भी की.