रिश्तेदार को PM और खुद को राष्ट्रपति बनाना चाहते हैं असीम मुनीर! इस पाकिस्तानी अधिकारी ने किया दावा
पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी आदिल राजा ने आरोप लगाया है कि सेना प्रमुख असीम मुनीर राष्ट्रपति बनने और अपने रिश्तेदार को प्रधानमंत्री बनाने की योजना बना रहे हैं. राजा ने दावा किया कि उन्हें चुप कराने के लिए पाकिस्तान सरकार ने ब्रिटेन में मानहानि का मुकदमा किया है, जबकि उनके परिवार पर भी कार्रवाई हो रही है.
पाकिस्तानी सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी और वर्तमान व्हिसलब्लोअर मेजर आदिल राजा ने एक चौंकाने वाला दावा किया है. उन्होंने कहा कि मौजूदा सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर पाकिस्तान की सत्ता पर पूरी तरह से कब्जा करने की योजना बना रहे हैं. राजा का आरोप है कि मुनीर न केवल खुद को राष्ट्रपति बनाना चाहते हैं, बल्कि अपने एक रिश्तेदार को देश का प्रधानमंत्री बनाने की तैयारी में भी हैं.
मीडिया में दिये गए एक इंटरव्यू में आदिल राजा ने दावा किया कि असीम मुनीर पाकिस्तान में लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख पहले ही खुद को फील्ड मार्शल की उपाधि दे चुके हैं और अब राजनीतिक अराजकता फैलाकर देश पर नियंत्रण चाहते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि मुनीर का देश के मौजूदा राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के साथ संबंध सामान्य नहीं हैं.
पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ साजिश
राजा ने कहा, "यह पूरी योजना सेना प्रमुख असीम मुनीर की है. वह या तो खुद राष्ट्रपति बनना चाहते हैं या किसी अन्य जनरल को इस पद पर बिठाना चाहते हैं, जबकि प्रधानमंत्री पद के लिए वह अपने एक करीबी रिश्तेदार को चुनना चाहते हैं." उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ चल रही साजिश के पीछे मुनीर की ही रणनीति है.
ISI हुई सक्रिय
राजा के इन बयानों के बाद पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस यानी ISI सक्रिय हो गई है. ISI के पंजाब सेक्टर के कमांडर ब्रिगेडियर राशिद नासिर ने लंदन में आदिल राजा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है.
राजा ने लगाया आरोप
राजा ने यह भी खुलासा किया कि ब्रिटेन की आतंकवाद-रोधी पुलिस ने उन्हें नौ महीनों तक जांच के दायरे में रखा, लेकिन अंततः उन्हें निर्दोष घोषित किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना उन्हें चुप कराने के लिए ब्रिटेन के मानहानि कानूनों का दुरुपयोग कर रही है.
पाकिस्तानी सेना की राजनीतिक दखलअंदाजी
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में उनके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है. उनकी मां को नजरबंद किया गया है और उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया है ताकि वे पाकिस्तान लौट न सकें. राजा ने दावा किया कि उनकी अनुपस्थिति में कोर्ट मार्शल किया गया और उन्हें पाकिस्तान के गोपनीयता कानून के तहत 14 साल की सजा सुनाई गई. उन्होंने कहा कि उनका अपराध सिर्फ एक था कि पाकिस्तानी सेना की राजनीतिक दखलअंदाजी और आंतरिक अपराधों को उजागर करना.
और पढ़ें
- Pakistan VS Balochistan: बलूच विद्रोहियों के डर से कांपा पाकिस्तान, रात के सफर पर लगाया बैन, जानें क्यों दहल रहा आतंकिस्तान
- 'नहीं दूंगा F-35 स्टील्थ फाइटर जेट', अमेरिका ने तुर्की को दिया जोरदार झटका, अब इस देश के सामने गिड़गिड़ा रहे राष्ट्रपति एर्दोगन
- India Pakistan UN Clash: UN में भारत ने पाकिस्तान को घेरा, बताया IMF से लागातार कर्ज लेने वाला देश