झारखंड जा रही कार की ट्रक से हुई भीषण टक्कर, 9 लोगों की मौत

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई. यह दुर्घटना शुक्रवार की सुबह पुरुलिया-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 18 पर हुई. बलरामपुर थाना क्षेत्र के नामसोल प्राथमिक विद्यालय के पास हुई इस दुर्घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं.

Pinterest
Princy Sharma

Purulia Road Accident: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. यह भयानक दुर्घटना पुरुलिया-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 18 पर हुई, जो कि बलरामपुर थाना क्षेत्र के नामसोल प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे. यह चार पहिया बोलेरो गाड़ी पुरुलिया से बलरामपुर की ओर जा रही थी, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक से जबरदस्त टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के खेत में पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि आसपास के लोग और राहगीर भी घबराकर मदद के लिए दौड़ पड़े.

मौके पर पहुंची पुलिस 

जैसे ही हादसे की सूचना मिली, बलरामपुर थाने की पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी.

कहां से कहां जा रहे थे मृतक?

पुलिस के अनुसार, मृतक सभी लोग पुरुलिया के बड़ाबाजार थाना क्षेत्र के अदबाना गांव के निवासी थे और झारखंड के नीमडीह थाना क्षेत्र के तिलाईटांड गांव की ओर जा रहे थे. बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई.

हादसे की तस्वीरें देखकर कांप उठे लोग

घटना के बाद जब तस्वीरें सामने आईं, तो लोगों ने बताया कि बोलेरो गाड़ी इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि उसे पहचानना भी मुश्किल था. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.