'तुमने मुझे जेल में रखा, अब तुम्हारी बारी है', सत्ता बदलते ही लियोनेल मेस्सी के टूर ऑर्गनाइजर ने टीएमसी पर बोला हमला
लियोनेल मेस्सी के टूर ऑर्गनाइजर रहे सताद्रु दत्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और उन्हें 37 दिन जेल में बिताने पड़े थे.
पूर्व क्रिकेटर और पूर्व टीएमसी विधायक मनोज तिवारी द्वारा टीएमसी पर किए गए जोरदार हमले के बाद अब लियोनल मेसी के भारत दौरे G.O.A.T के आयोजक रहे सताद्रु दत्ता ने सत्ता से बाहर हुई राजनीतिक पार्टी पर निशाना साधा है.
मजेदार बात ये है कि दोनों ही मामलों में मुख्य निशाना तत्कालीन पश्चिम बंगाल खेल मंत्री अरूप बिस्वास पर साधा गया है, जिन्हें साल्ट लेक स्टेडियम में हुए हंगामे के बाद इस्तीफा देना पड़ा था. इस हंगामे के चलते मेस्सी वहां पहुंचने के कुछ मिनटों के भीतर ही कार्यक्रम स्थल को छोड़कर चले गए थे.
यह घटना पिछले साल दिसंबर में हुई थी जब मेस्सी भारत दौरे पर आए थे, लेकिन कोलकाता में हुए हंगामे के चलते उनके भारत दौरे की शुरुआत बेहद खराब रही. इंटर मियामी के साथी खिलाड़ी लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ आए मेस्सी को राजनेताओं और प्रशासन ने घेर लिया जिसके चलते स्टेडियम में जमा हुई भीड़ अर्जेंटीना के इस महान खिलाड़ी की झलक पाने से वंचित रह गई. हंगामे को देखकर मेस्सी कथित तौर पर नाराज हो गए और उन्होंने अपने दौरे को छोटा करने का फैसला किया जिसके बाद वहां मौजूद दर्शकों ने स्टेडिम में तोड़फोड़ की.
इस अराजकता को लेकर सताद्रु दत्ता को जेल भी जाना पड़ा था लेकिन अब राज्य में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद दत्ता ने अपनी चुप्पी तोड़ी है.
फेसबुक पर शेयर की गई एक स्टोरी में दत्ता ने बिस्वास और मेस्सी का एक फोटो शेयर किया और कहा कि अब मैं बिस्वास से अदालत में मिलूंगा. दत्ता ने अपनी स्टोरी में आगे लिखा, 'केवल चुनाव हारने से तुम ये मत समझो कि तुम्हें सजा मिल गई. मैं मानहानि का केस करूंगा और अगर जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट जाएंगे. मैं अंत तक लड़ूंगा.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने बार-बार उनसे (अरूप बिस्वास) से कहा कि वो यहां फोटों ना खींचें लेकिन उन्होंने अपनी पावर का इस्तेमाल किया और फोटो खींचते रहे. अब उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी.'
बता दें कि इस घटना के बात दत्ता को गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्हें जमानत मिलने से पहले उन्हें 37 दिन जेल में बिताने पड़े. उन्हें 19 जनवरी को 10,000 रुपए के निजी मुचलके पर छोड़ा गया था.
खबरों के मुताबिक, दत्ता ने कहा कि वह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और बिस्वास का पर्दाफाश करेंगे. उन्होंने कहा, 'प्रेस कॉन्फ्रेंस जल्दी होगी. सब कुछ पर्दाफाश किया जाएगा. तुमने मेरे कार्यक्रम को बर्बाद किया, तुमने मुझे पीड़ित किया. तुमने मेरे तीन साल बर्बाद कर दिए. तुमने सारे प्रशंसकों को निराशा किया. तुमने मुझे 38 दिनों तक जेल में रखा. अब तुम्हारी बारी है.' दत्ता ने आगे लिखा, 'उन्होंने सोचा कि चुप्पी सच्चाई को दबा सकती है.'