West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 IPL 2026

त्रिपुरा में चाय बागान कर्मचारी को घायल करने वाले ड्राइवर को भीड़ ने उतारा मौत के घाट, दो हुए गिरफ्तार

जब मृतक प्रदीप दास ने गुस्साई भीड़ से बचने की कोशिश की तो उन्होंने उसे पकड़ लिया और कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला. इस घटना के बाद में वहां मौजूद भीड़ ने वाहन को आग लगा दी.

Social Media
Mayank Tiwari

त्रिपुरा के कैलासाहर में शुक्रवार (6 जून) को पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिन पर आरोप है कि वे उस भीड़ का हिस्सा थे, जिसने एक कार चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी. बता दें कि, यह घटना 3 जून को हुई, जब एक सड़क हादसे में चालक प्रदीप दास की गाड़ी ने एक चाय बागान मजदूर को टक्कर मारकर घायल कर दिया था.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, स्थानीय लोगों ने  प्रदीप दास के वाहन का पीछा किया और उन पर सड़क से बकरियां चुराने का आरोप लगाया. उस समय वाहन में दो अन्य यात्री भी मौजूद थे.  यह घटना कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाती है और भीड़ द्वारा हिंसा की बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाती है. पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए जांच तेज कर दी है.

हादसा और हिंसा की दुखद घटना

वहीं, जब कुछ ग्रामीणों ने लाठियों के साथ वाहन को रोकने की कोशिश की, तो दास ने भागने का प्रयास किया. इस दौरान उनकी गाड़ी ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद वाहन सड़क किनारे एक कंक्रीट नाले में जा गिरा. दास के साथ मौजूद दो यात्री किसी तरह भागकर छिप गए, लेकिन दास को गुस्साई भीड़ ने पकड़ लिया और कथित तौर पर उनकी पिटाई कर हत्या कर दी. इसके बाद भीड़ ने वाहन को आग के हवाले कर दिया.

पुलिस मामले की कर रही जांच-पड़ताल

पुलिस ने इस मामले में गुरुवार (5 जून) को तीन चाय बागान मजदूरों से पूछताछ की. मिली जानकारी के आधार पर, दो संदिग्धों को भीड़ द्वारा हमले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. कैलासाहर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, “हमने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल, मामले की जांच-पड़ताल जारी है. वहीं, पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि दोषियों को सजा मिल सके.