जम्मू में इंटरनेशनल सीमा पार कर रहा था संदिग्ध, BSF जवानों ने पैरों में मारी गोली, हिरासत में पाकिस्तान होगा बेनकाब!
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने जम्मू के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध गतिविधि देखी, जहां एक पाकिस्तानी नागरिक को सीमा पार करते और आक्रामक रूप से सीमा की ओर बढ़ते हुए पाया गया. सतर्क जवानों ने उसे चेतावनी दी, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया. खतरे को भांपते हुए बीएसएफ के जवानों ने उसकी टांगों पर गोली चलाई. बाद में, उसे बीएसएफ ने हिरासत में ले लिया.
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है सोमवार शाम को बीएसएफ के जवानों ने राजबाग क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि देखी, जहां एक संदिग्ध शख्स सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास कर रहा था.
जानकारी के अनुसार वह आक्रामक रूप से सीमा की ओर बढ़ रहा था. जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी भी दी, लेकिन उसने इसे अनसुना कर दिया. खतरे को भांपते हुए बीएसएफ ने उसकी टांगों पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया. बता दें कि इस घटना के बारे में अभी अधिक जानकारी सामने नहीं आई है.साथ ही घुसपैठिए की पहचान और उसके इरादों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब बीएसएफ ने ऐसी कार्रवाई की हो. इससे पहले भी कई बार सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों को नाकाम करने में बीएसएफ ने सक्रियता दिखाई है कठुआ की यह घटना सीमा पर बढ़ते तनाव और घुसपैठ की कोशिशों को दर्शाती है, जिसके लिए बीएसएफ सतर्कता से निगरानी कर रही है.
इसी तरह की एक अन्य घटना मई में पंजाब के अमृतसर जिले में हुई थी, जहां बीएसएफ ने एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा था. यह व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध रूप से घूमता पाया गया था. उसके पास से 330 रुपये की पाकिस्तानी मुद्रा बरामद हुई, लेकिन कोई अन्य आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली. पूछताछ के बाद उसकी पहचान लाहौर निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई थी. उसे अमृतसर के करीमपुरा गांव के पास हिरासत में लिया गया और बाद में स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया. इन घटनाओं से स्पष्ट है कि बीएसएफ सीमा पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए हुए है.