हर 10 बच्चे पर होगा एक टीचर, तेलंगाना सरकार खास तरीके से कर रही है ट्रांसफर

Telangana News: देश के ज्यादातर राज्यों में स्कूलों के नए सत्र शुरू हो गए हैं. जिन राज्यों में अभी स्कूल नहीं खुले हैं. अगले एक दो दिन में खुल जाएंगी. इसके लिए तेलंगाना सरकार ने तैयारी कर ली है. सरकार का उद्देश्य है कि स्कूलों में 10 बच्चों पर एक शिक्षक होगा. इससे स्कूलों की शिक्षा में सुधार होगा. इसके लिए खास तरीके से ट्रांसफर किया जा रहा है.

Social Media
India Daily Live

Telangana News: अब धीरे-धीरे सभी राज्यों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो रही है. तेलंगाना सरकार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए विशेष पहल की है. स्कूल शिक्षा विभाग ने तय किया है कि 10 छात्रों पर एक शिक्षक का अनुपात होना चाहिए. इसके लिए सरकारी स्कूलों में हर स्कूल में छात्रों की संख्या के आधार पर शिक्षकों का तबादला और उनकी नियुक्ति शुरू कर दी है. इसके साथ ही शिक्षकों को प्रमोशन भी दिया गया है.

स्कूल शिक्षा निदेशक ए श्रीदेवसेना के अनुसार, स्वीकृत शिक्षक पदों जल्द भरने की कोशिश की जाएगी. नई नीति के आधार पर भर्तियां होंगी. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने कुछ समय पहले ही 18,942 शिक्षकों को पदोन्नत किया है. इस प्रयास से राज्य के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा.

पहले और अब का अनुपात

तेलंगाना में पिछली सरकार ने 19 छात्रों पर 1 शिक्षक, 20-60 छात्रों पर 2 शिक्षक और 61-90 छात्रों पर 3 शिक्षक नियुक्त किए थे. अब की सरकार ने  1-10 छात्रों की संख्या पर 1 शिक्षक, 11-40 छात्रों की संख्या पर दो  शिक्षक और 41-60 छात्रों पर 3 शिक्षक रखने की योजना पर काम कर रही है. इसके साथ ही 61 से अधिक बच्चों की संख्या पर शिक्षकों के लिए ऑनलाइन आवेदन का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा.

आवासीय विद्यालयों का विकास

इसके साथ ही सरकार सभी विधानसभा क्षेत्रों में एकीकृत आवासीय विद्यालय बना रही है. इसमें सभी वर्गों के छात्रों को गुरुकुल के पैटर्न पर शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना है. इन स्कूलों को 20-25 एकड़ के इलाके में विकसित किया जा रहा है. फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कोडंगल और मधिरा में शुरू किया गया है. ये इलाके मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री भट्टी मल्लू विक्रमारका का निर्वाचन क्षेत्र है.

डिजिटल पाठ्यक्रम शुरू

1 जुलाई से तेलंगाना में कौशल, शिक्षण और प्रशिक्षण (टी-सैट) भी शुरू हो रहा है. इससे सरकारी स्कूल के छात्रों को डिजिटल पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. जानकारी के अनुसार, 29,400 से अधिक स्कूलों में लगभग 60 लाख छात्र आज सुबह 10 बजे से शाम 4.30 बजे तक पढ़ाई कर सकेंगे. इसमें गणित, विज्ञान और सामाजिक अध्ययन के लिए तेलुगु, हिंदी और अंग्रेजी डिजिटल कक्षाएं टी-सैट विद्या चैनल, टी-सैट ऐप के अलावा यूट्यूब उपलब्ध होंगी.