T20 World Cup 2026

'सिद्धू एक बारूद, कर सकते हैं विस्फोट', कांग्रेस हाईकमान से शिकायत; क्या पंजाब कांग्रेस में सुलगी बगावत की चिंगारी?

राज्य कांग्रेस नेताओं के एक समूह ने संयुक्त बयान जारी करते हुए पूर्व पीसीसी प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को 'बारूद' करार देते हुए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की है.

Avinash Kumar Singh

नई दिल्ली: 2023 विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई सतह पर आ गयी है. पंजाब राज्य कांग्रेस इकाई के अंदर गुटबाजी के चलते प्रदेश संगठन के अंदर कई खेमे नजर आ रहे है. राज्य कांग्रेस नेताओं के एक समूह ने संयुक्त बयान जारी करते हुए पूर्व पीसीसी प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू को 'बारूद' करार दिया है. सिद्धू के खिलाफ बगावती रूख अख्तियार करने वाले नेताओं के एक गुट ने नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की है. 

'सिद्धू एक बारूद, कर सकते हैं विस्फोट...'

कांग्रेस नेता लखवीर सिंह लक्खा, दविंदर सिंह घुबाया, खुशबाज सिंह जटाना और अमित विज ने एक बयान जारी करते हुए कहा "नवजोत सिंह सिद्धू एक बारूद हैं जो पार्टी में विस्फोट कर सकते हैं. हम 2022 में सिद्धू की अक्षमता और आत्मकेंद्रित लक्ष्यों के कारण 2022 का विधानसभा चुनाव हार गए. अब समय आ गया है कि उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाए.

'पार्टी लाइन में विश्वास नहीं करते सिद्धू'

वहीं पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए सिद्धू के खिलाफ परोक्ष हमला बोला. अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने बड़ा बयान देते हुए सिद्धू को एक ऐसा पार्टी नेता बताया जो पार्टी लाइन में विश्वास नहीं करता है और अतीत में पार्टी को पार्टी तो बर्बादी के कगार पर पहुंचा चुका है. सियासी चर्चाओं की मानें तो नवजोत सिंह सिद्धू और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने एक-दूसरे के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे को शिकायत दर्ज कराई है.

प्रताप सिंह बाजवा ने सिद्धू से की अपील 

इससे पहले  विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने समानांतर सार्वजनिक रैलियां आयोजित करने के लिए नवजोत सिंह सिद्धू की कड़ी आलोचना करते हुए उनसे पुनर्विचार करने की अपील की थी. प्रताप सिंह बाजवा ने बड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा "मैं सिद्धू साहब से परिपक्वता के साथ काम करने की अपील करता हूं. आपको समझना चाहिए कि क्या इस समाज ने आपको सम्मान और सम्मान दिया है. कृपया ऐसा न करें. आपके प्रदेश अध्यक्ष रहने के दौरान पार्टी 78 से गिरकर 18 सीटों पर आ गई. आपको और क्या चाहिए? शांत रहें और पार्टी कैडर के साथ आगे बढ़ें"