menu-icon
India Daily

146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ देशव्यापी धरना प्रदर्शन, जानें I.N.D.I.A गठबंधन का क्या है प्लान?

 संसद से 146 सांसदों के निलंबन के बाद इंडिया गठबंधन का विरोध-प्रदर्शन सभी राज्यों में आज देखने को मिलेगा. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि विरोध करना उचित है और हम सभी दिल्ली में जंतर मंतर पर होंगे.

Avinash Kumar Singh
146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ देशव्यापी धरना प्रदर्शन, जानें I.N.D.I.A गठबंधन का क्या है प्लान?

हाइलाइट्स

  • 146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ राष्ट्रव्यापी धरना प्रदर्शन
  • I.N.D.I.A गठबंधन के तमाम नेता राष्ट्रव्यापी धरना प्रदर्शन में लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली: संसद से 146 सांसदों के निलंबन के बाद इंडिया गठबंधन का विरोध-प्रदर्शन सभी राज्यों में आज देखने को मिलेगा. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि विरोध करना उचित है और हम सभी दिल्ली में जंतर मंतर पर होंगे. इंडिया गठबंधन का विरोध शुक्रवार को सभी राज्यों में होगा क्योंकि हम जनता को दिखाना चाहते हैं कि क्या सरकार इस तरह से संसद चलाएगी. सत्ता पक्ष विपक्ष की बात नहीं सुन रहा है और वे लोकतंत्र को बर्बाद कर रहे हैं. 

शशि थरूर की बड़ी प्रतिक्रिया

'संसदीय लोकतंत्र के लिए श्रद्धांजलि लिखने का समय....'

शशि थरूर ने अपने बयान में आगे कहा "हमारे देश में 'संसदीय लोकतंत्र के लिए श्रद्धांजलि' लिखना शुरू करने का समय आ गया है. संदेश बहुत सरल है. संसदीय लोकतंत्र में हम ऐसी स्थिति देख रहे हैं जिसमें सरकार, जिसकी जिम्मेदारी संसद चलाने की है, अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं ले रही है. केंद्र सरकार ने संसदीय लोकतंत्र की परंपरा का सम्मान करने में कोई इच्छा नहीं दिखाई. संसद सुरक्षा चूक मामले में एक मंत्री के रूप में अपने कर्तव्य को पूरा करने के बजाय अमित शाह ने न केवल सदन में उपस्थित होने से इनकार कर दिया, जो कि उनका कर्तव्य है, बल्कि बाहर जाकर प्रेस बयान जारी करके सभी बातें कही. वे बातें जो वह सदन में कह सकते थे"

146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ राष्ट्रव्यापी धरना प्रदर्शन  

146 सांसदों के निलंबन के खिलाफ इंडिया गठबंधन दलों की ओर से सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. बीते दिनों इंडिया गठबंधन दलों की बैठक में यह फैसला लिया गया था कि केंद्र सरकार के खिलाफ 22 दिसंबर को राष्ट्रव्यापी धरना प्रदर्शन किया जाएगा. बीते दिनों सांसदों के निलंबन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सांसदों के निलंबन के खिलाफ 22 दिसंबर को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. हमने कई निर्णय लिए हैं, जिनमें से एक निलंबित सांसदों पर है. हम इसके खिलाफ लड़ेंगे. यह गलत है. हम इसके खिलाफ लड़ने के लिए एकजुट हुए हैं. हमने एक प्रस्ताव पारित किया है कि निलंबन अलोकतांत्रिक है. लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सभी को लड़ना होगा और हम सभी ऐसा करने के लिए तैयार हैं.