'किसानों के साथ विश्वासघात', भारत-अमेरिका ट्रे़ड डील को लेकर राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछे पांच सवाल

राहुल गांधी ने भारत अमेरिका ट्रेड डील से भारतीय किसानों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर पीएम मोदी से 5 सवाल दागे. इस ट्रे़ड डील को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है.

@RahulGandhi
Sagar Bhardwaj

कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर लगातार हमलावर हैं. उन्होंने इस डील को लेकर केंद्र सरकार से 5 सवाल पूछे हैं. राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, 'अमेरिका के साथ ट्रेड डील के नाम पर हम भारतीय किसानों के साथ विश्वासघात होते हुए देख रहे हैं.'

उन्होंने केंद्र सरकार के सामने एक के बाद एक पांच सवाल दागे...

डीडीजी आयात करने का वास्तव में क्या मतलब है? क्या इसका मतलब यह है कि भारतीय मवेशियों को जेनेटिकली मॉडिफाइड (GM) अमेरिकी मक्का से बने डिस्टिलर्स अनाज खिलाए जाएंगे? क्या इससे हमारे दूध उत्पाद प्रभावी रूप से अमेरिकी कृषि उद्योग पर निर्भर नहीं हो जाएंगे?

उनके दूसरे और तीसरे सवाल सोया तेल और दालों को लेकर चिंता जताई गई.  राहुल ने कहा...

2.  अगर हम जीएम सोया तेल के आयात की अनुमति देते हैं तो, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश राजस्थान और देशभर के हमारे सोया किसानों का क्या होगा?

3.  जब आप ‘अतिरिक्त उत्पादन’ कहते हैं, तो उसमें क्या शामिल है? क्या यह समय के साथ दाल और अन्य फसलों को अमेरिकी आयात के लिए खोलने के दबाव का संकेत है?

4. 'नॉन ट्रेड बैरियर्स' को हटाने का क्या मतलब है? क्या भविष्य में भारत पर जीएम फसलों पर अपना रुख नरम करने, खरीद को कमजोर करने और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और बोनस को कम करने का दबाव डाला जाएगा.

इस प्रभाव से किसानों को बचाने की मांग करते हुए, राहुल गांधी ने कहा, 'एक बार दरवाजा खुल गया तो हम हर साल इसे चौड़ा होने से कैसे रोकेंगे? क्या कोई सुरक्षातंत्र है या हर बार सौदे में धीरे-धीरे अन्य फसलों को भी मेज पर रख दिया जाएगा.'

मोदी सरकार पर अमेरिकी दबाव के आगे झुकने के अपने आरोप को दोहराते हुए  उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आज की बात नहीं है. यह इस बारे में है कि क्या हम किसी अन्य देश को भारत की कृषि प्रणाली पर दीर्घकालिक पकड़ बनाने का मौका दे रहे हैं.