कहीं हुई बारिश, तो कहीं सुहाना हुआ मौसम; आसमान से बरसी राहत ने हीटवेव की कर दी छुट्टी
दिल्ली-नोएडा में आज हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया. पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर के लोग प्रचंड गर्मी से काफी परेशान थे. ऐसे में आज यानी गुरुवार को हुई बारिश ने लोगों को तेज गर्मी से राहत दिलाई है. दिल्ली-एनसीआर में तापमान 50 डिग्री तक पहुंच गया था, ऐसे में तेज बारिश से गर्मी के साथ-साथ उमस से राहत की उम्मीद की जा रही है.
दिल्ली-एनसीआर में प्रचंड गर्मी से परेशान लोगों को प्री मानसून बारिश होने से राहत मिल गई है. दिल्ली-नोएडा के कई इलाकों में गुरुवार सुबह हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है. इसी के साथ लोगों को भीषण गर्मी से हल्की राहत मिल गई है. दिल्ली-एनसीआर में मई और जून महीने बेहद गर्म रहे.
रातों में भीषण गर्मी पड़ रही थी. तो दिन में लू के गर्म थपेड़ों ने लोगों की हालत और खराब कर दी थी. दिल्ली-एनसीआऱ के बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे थे. मौसम विभाग के मुताबिक, सिर्फ दिल्ली ही नहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश हुई है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी बारिश से बड़ी राहत मिली है. लोग गर्मी की वजह से लगातार बीमार पड़ रहे थे, लेकिन अब बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है.
'अगले कुछ दिनों तक हो सकती है बारिश..'
बता दें कि मौसम विभाग ने कुछ दिन पहले ही दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान जताया था. जिसके बाद आज राजधानी में बेहिसाब गर्मी के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है.
IMD के मुताबिक अगले 7 दिनों तक लगातार दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है. हालांकि जुलाई महीने की शुरूआत बारीश के साथ होगी इसका भी पूर्वानुमान जताया गया है.