Mumbai Police Control News: मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में शुक्रवार को तीन अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल आने से हड़कंप मच गया. कॉल करने वाले ने दावा किया कि मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम रखा है और कुछ ही देर में एक जोरदार धमाका होने वाला है. इस सूचना के बाद मुंबई पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई और तत्काल कार्रवाई शुरू की.
एयरपोर्ट पर तुरंत पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम पहुंची और एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 और अन्य प्रमुख स्थानों की सघन तलाशी शुरू कर दी. घंटों तक चले इस तलाशी अभियान के बावजूद पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला. इसके बाद यह साफ हो गया कि कॉल करने वाला व्यक्ति केवल झूठी धमकी दे रहा था.
कॉल करने वाले ने एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर बम विस्फोट की धमकी दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों और बम निरोधक दस्ते ने संयुक्त रूप से एयरपोर्ट के सभी प्रमुख स्थानों की तलाशी ली. इस पूरी छानबीन के दौरान कोई भी विस्फोटक पदार्थ या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे पुलिस को राहत मिली.
प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि धमकी भरे कॉल असम और पश्चिम बंगाल सीमा के पास सक्रिय मोबाइल नंबरों से किए गए थे. इसके बाद आजाद मैदान पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दी और अज्ञात कॉलर के खिलाफ जांच शुरू कर दी. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस झूठी धमकी के पीछे कौन है और उसका उद्देश्य क्या था.
मुंबई पुलिस ने यह भी कहा है कि इस तरह की धमकियों से शहर में कोई भय या दहशत फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही धमकी देने वाले व्यक्ति को पकड़ने की उम्मीद जताई जा रही है.