छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद धरने परे बैठ गए केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद, केंद्र ने दी Z+ सुरक्षा
Arif Mohammed: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को Z+ सुरक्षा देने का फैसला लिया है.
Arif Mohammed: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को Z+ सुरक्षा देने का फैसला लिया है. राज्य में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे़ दिखाए. सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) पार्टी की छात्र शाखा स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) द्वारा काले झंडे के प्रदर्शन पर राज्यपाल के सड़क किनारे धरने के बाद आया है.
सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) की छात्र शाखा एसएफआई के कई कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राज्यपाल के खिलाफ काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया, जब वह कोट्टाराक्करा जिले में एक समारोह में जा रहे थे. दिन की शुरुआत में जोरदार ड्रामा हुआ जब गुस्से में दिख रहे राज्यपाल एसएफआई कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क किनारे एक दुकान पर धरने पर बैठ गए.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में राज्यपाल को कोल्लम जिले के निलामेल इलाके में एक व्यस्त एमसी रोड पर कार से बाहर निकलते हुए, एक स्थानीय दुकान से कुर्सी लेते हुए और सड़क के किनारे बैठकर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए देखा जा सकता है. मौके पर कई लोगों के जमा होने पर उसे पुलिस कर्मियों से सख्ती से बात करते हुए भी देखा जा सकता है.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर राज्य में अराजकता को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "वह ही हैं जो इन कानून तोड़ने वालों को संरक्षण देने के लिए पुलिस को निर्देश दे रहे हैं, जिनके खिलाफ संगठन (एसएफआई) के राज्य अध्यक्ष सहित कई आपराधिक मामले अदालतों में लंबित हैं."
उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर मुख्यमंत्री उस रास्ते से गुजर रहे होते तो क्या प्रदर्शनकारियों को सड़क किनारे पुलिस के साथ खड़े होने की अनुमति दी जाती. खान ने यह भी दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने उनके वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की.