मध्य प्रदेश के इंदौर में एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का करीबी बताया जा रहा है. मामले की जानकारी के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. इसी तरह की एक घटना में बिहार की राजधानी पटना में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी. दोनों ही घटनाओं को दिनदहाड़े अंजाम दिया गया है. दोनों शहरों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी गई है.
पहली घटना के मुताबिक, इंदौर के एमजी रोड के चिमनबाग इलाके में वारदात के शिकार शख्स की पहचान मोनू कल्याणे के रूप में हुई है. वारदात के बाद मोनू के साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मोनू, इंदौर भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष थे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है. आरोपियों की पहचान पीयूष और अर्जुन के रूप में हुई है. फिलहाल, पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है.
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान मोनू अपने साथियों के साथ भगवा यात्रा की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान दोनों आरोपी पीयूष और अर्जुन चिमनबाग पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया. जानकारी के मुताबिक, अर्जुन ने गोली चलाई और पीयूष के साथ फरार हो गया. भागने से पहले आरोपियों ने मोनू के साथियों पर भी फायरिंग की.
दूसरी घटना बिहार की राजधानी पटना की है, जहां रविवार सुबह आलमगंज इलाके में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर दी. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वारदात के बाद मृतक के पिता ने मेयर के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जल्ला रोड स्थित मलिया महादेव मंदिर के पास वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब प्रॉपर्टी डीलर वहां से गुजर रहे थे.
पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रॉपर्टी डीलर की पहचान अरुण कुमार के रूप में हुई है. वे मंदिर के पास खड़े थे, तभी सामने से पैदल आ रहे दोनों आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए.
जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजन ने अरुण कुमार को एनएमसीएच में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. मृतक के परिजन की ओर से पटना की मेयर सीता साहू के बेटे शिशिर कुमार पर हत्या का आरोप लगाया गया है. उन्होंने कहा कि अरुण ने एक मंदिर बनवाया था, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव था. इसी को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.