बीजेपी के लिए जम्मू-कश्मीर में आई खुशखबरी, नगरोटा में जीत की दर्ज
जम्मू-कश्मीर के नगरोटा उपचुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं. यहां भी बीजेपी बाजी मार चुकी है. भाजपा उम्मीदवार देवयानी राणा ने कुल 42350 वोटों के साथ जीत हासिल की है.
जम्मू-कश्मीर की दो बेहद ही महत्वपूर्ण सीट नगरोटा और बडगाम में उपचुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं. नगरोटा विधानसभा सीट पर भाजपा को जीत मिल चुकी है. इस सीट से बीजेपी की देवयानी राणा ने 24647 वोट से जीत हासिल की है.
देवयानी राणा को कुल 42350 वोट मिले. वहीं दूसरा स्थान जेकेएनीपीपी के हर्ष देव सिंह का रहा. इस उपचुनाव में उन्हें केवल 17703 वोट ही मिल पाए. तीसरे नंबर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार को 10872 वोट मिली. इसी के साथ बिहार के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर से भी भाजपा के लिए अच्छी खबर आई है.
जीत के बाद देवयानी राणा ने जताया प्यार
जम्मू-कश्मीर उपचुनाव में नगरोटा विधानसभा से जीत हासिल करने के बाद देवयानी राणा ने मीडिया से बात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि जिस तरीके से 2024 में नगरोटा निर्वाचन क्षेत्र के हर मतदाता ने बढ़-चढ़कर हमको आर्शीवाद दिया था और एक बार फिर 2025 में हर घर हर परिवार ने हमें बढ़-चढ़कर आर्शीवाद दिया है.
उन्होंने जनता को धन्यवाद करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया. वहीं बडगाम विधानसभा सीट पर छठे राउंड की गिनती तक जम्मू और कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के उम्मीदवार आगा सैयद मुंतजिर मेहदी 2034 मतों से आगे थे. कुछ देर बाद यह भी साफ हो जाएगा कि इस सीट से किसे जीत मिली है.
नतीजे से पहले जश्न शुरू
नगरोटा सीट के नतीजे घोषित होने से पहले ही जश्न का माहौल शुरू हो चुका था. देवयानी राणा के समर्थक ढ़ोल-नगारे के साथ जश्न मनाना शुरू कर चुके थे. उनके समर्थकों ने उन्हें गोदी में उठाकर जश्न मनाया और उन्हें बधाई दी. जीत के बाद राणा त्रिकुटा नगर पार्टी मुख्यालय पहुंची जहां उन्होंने अपने पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकत की.
इसके बाद अब विजय रैली निकालते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र में जाने वाली है. देश में हर ओर चुनाव का माहौल देखने को मिल रहा है. चुनाव आयोग जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ अन्य 6 राज्यों में भी उपचुनाव करा रही है. इसके अलावा बिहार में विधानसभा चुनाव के भी नतीजे आज ही जारी होने है. बिहार में भी एनडीए गठबंधन को प्रचंड जीत मिलती नजर आ रही है.