Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

हिमाचल प्रदेश: मंडी के पाल मसेरन में गहरी खाई में गिरी बस, 5 की दर्दनाक मौत, 20 घायलों में से कई गंभीर

मंडी शहर से लगभग 60 किलोमीटर दूर सरकाघाट उप-मंडल के मसेरन इलाके के पास एक बस के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं.

Yogita Tyagi

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें एचआरटीसी की एक बस खाई में गिर गई. इस भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं. हादसे के वक्त बस में करीब 25 लोग सवार थे.

मामला मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल का है, जहां एचआरटीसी की बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और खेतों में जाकर फंस गई. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और सरकाघाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. घायलों को खाई से बाहर निकालकर तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया.

घायलों का इलाज  जारी 

सरकाघाट अस्पताल में सभी घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने इस हादसे में पांच मौतों की पुष्टि की है.

रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया

प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया गया और राहत कार्यों में स्थानीय लोगों की भी अहम भूमिका रही. फिलहाल हादसे की वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है. यह हादसा हिमाचल की सड़कों पर बढ़ते खतरे की एक और चेतावनी है, जहां भूस्खलन और खराब सड़कों के कारण ऐसे हादसे आम होते जा रहे हैं. हादसे ने एक बार फिर राज्य की परिवहन व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं.