West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

क्या किसानों को करना होगा और इंतजार? जानें कब आएगी पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त

पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त 8 नवंबर से पहले आने की संभावना बहुत कम है. पीएम मोदी के कार्यक्रमों और बिहार चुनावों के चलते भुगतान में देरी हो सकती है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपनी e-KYC और फार्मर आईडी अपडेट करा लें, ताकि राशि जारी होने पर किसी प्रकार की दिक्कत न हो.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: देशभर के किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. किसानों के मन में सिर्फ एक सवाल है कि उनके खाते में दो हजार रुपये कब आएंगे. दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहार बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किसानों के खाते में राशि नहीं पहुंची है. अब संभावना जताई जा रही है कि बिहार विधानसभा चुनावों के बाद ही यह रकम जारी की जाएगी.

सूत्रों के अनुसार, 8 नवंबर तक पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त आने की संभावना बहुत कम है. बिहार में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होना है. पहले यह अनुमान लगाया जा रहा था कि 6 नवंबर को वोटिंग से पहले किसानों के खाते में पैसे भेजे जा सकते हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों और मौजूदा राजनीतिक स्थिति को देखते हुए अब ऐसा लगता है कि किसानों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा.

कौन करेगा अगली किस्त की घोषणा?

पीएम किसान योजना की पिछली सभी किश्तें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ही जारी की गई हैं. हालांकि हाल ही में चार राज्यों हिमाचल, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के किसानों को 21वीं किस्त का पैसा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जारी किया था. बाकी राज्यों के लिए यह उम्मीद की जा रही है कि पीएम मोदी खुद अगली घोषणा करेंगे.

क्या है देरी होने की वजह?

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 7 नवंबर को वाराणसी से तीन नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने वाले हैं. इस कार्यक्रम में पीएम किसान सम्मान निधि योजना का उल्लेख नहीं है. 8 नवंबर को वे बिहार में चुनावी सभा में शामिल होंगे. इस तरह के व्यस्त कार्यक्रम के चलते यह तय माना जा रहा है कि 8 नवंबर से पहले किसानों को खुशखबरी मिलने की संभावना बहुत कम है.

किन लोगों को मिलेगा लाभ?

इस बीच, जिन किसानों ने अभी तक e-KYC या फार्मर आईडी अपडेट नहीं कराया है, उनके लिए यह देरी फायदेमंद साबित हो सकती है. केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना ई-केवाईसी और किसान पहचान पत्र के योजना का लाभ नहीं मिलेगा. किसान पोर्टल पर जाकर यह दोनों प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी, तभी उनके खाते में राशि ट्रांसफर की जाएगी.

जानें कब मिलेगी खुशखबरी?

आचार संहिता लागू होने की वजह से बिहार में पैसे ट्रांसफर नहीं किए जा सकते. इसलिए यह तय माना जा रहा है कि पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त का वितरण बिहार चुनावों के बाद ही हो सकता है. किसानों को उम्मीद है कि नवंबर के दूसरे या तीसरे हफ्ते में यह खुशखबरी मिल सकती है.