Delhi Traffic Police Traffic Advisory: 20 फरवरी को रामलीला मैदान में दिल्ली के नए मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण करेंगे. इस शपथ ग्रहण समारोह को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. इस दौरान वीवीआईपी और वीआईपी मेहमानों की जमावड़ा रहेगा जिसे ध्यान में रखते हुए कई मुख्य रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सुबह 7 बजे से दोपहर 4 बजे तक कुछ जगहों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा. इस लिस्ट में सुभाष पार्क टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ, अजमेरी गेट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, भवभूति मार्ग और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग रेड लाइट, बहादुर शाह जफर मार्ग (आईटीओ से दिल्ली गेट), जवाहरलाल नेहरू मार्ग (दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक), अरुणा आसिफ अली रोड और मिंटो रोड (कमला मार्केट राउंडअबाउट से हमदर्द चौक), रणजीत सिंह फ्लाईओवर से तुर्कमान गेट और अजमेरी गेट से कमला मार्केट राउंडअबाउट शामिल हैं जहां ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा.
लोगों से रिक्वेस्ट की गई है कि भीड़भाड़ से बचने के लिए पब्लिक व्हीकल्स का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें. गाड़ी चलाने वाले सिर्फ निर्धारित पार्किंग का ही इस्तेमाल करें और सड़क किनारे अवैध पार्किंग न करें.
किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे पहाड़गंज साइड का रास्ता लिया जा सकता है और अजमेरी गेट की तरफ से न जाएं.
सोमवार को रामलीला मैदान और उसके आसपास की दीवारों की रंगाई-पुताई, सड़क और फुटपाथों की सफाई की गई. पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे शपथ लेंगे. इस भव्य समारोह में बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होने की संभावना है.