Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

दिल्ली का रंग बदलता मौसम, लोग झेल रहे शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप

Delhi Temperature: दिल्ली में ठंड बढ़ सकती है. इस दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी और शीतलहर की स्थिति बन सकती है. इस कारण ठंड और ज्यादा महसूस होगी. आइए जानते हैं आज का मौसम कैसा रहेगा.

Shilpa Srivastava

Delhi Temperature: दिल्ली का मौसम हर दिन नया रंग दिखा रहा है. आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में राजधानी को और बारिश देखने को मिल सकती है. बारिश से पहले घना कोहरा छाएगा, जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है. कुल मिलाकर, दिल्ली का मौसम अब अलग-अलग रूप दिखाएगा.

आज घने कोहरे का अलर्ट: आज घने से बहुत घना कोहरा रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने की संभावना है. 19 से 21 जनवरी तक अधिकतम तापमान 20-21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री रहेगा. इस दौरान हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा. 22 और 23 जनवरी को एक बार फिर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11-12 डिग्री रहने का अनुमान है.

कोहरा और बारिश का असर: 

स्काइमेट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में सुबह घना कोहरा छाया रहा. कुछ समय तक विजिबिलिटी शून्य रही, जो सुबह 9 बजे के बाद सुधरी. पालम में रात 2 बजे से सुबह 8:30 बजे तक घना कोहरा रहा, और इस दौरान विजिबिलिटी शून्य थी. दिन में धूप निकली, लेकिन शनिवार और रविवार को फिर से घने कोहरे की संभावना है.

दिल्ली में अगले हफ्ते बारिश के आसार: 

18 जनवरी को पश्चिमी हिमालय पर एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने वाला है, जिसका असर पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहेगा. 21 जनवरी को एक और सिस्टम पंजाब और राजस्थान में सक्रिय होगा, जिसका असर 22 जनवरी को दिल्ली और हरियाणा पर पड़ेगा. 22 जनवरी को दिल्ली में तेज बारिश और गरज के साथ बौछारें हो सकती हैं. 23 जनवरी को यह सिस्टम पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा.