IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

Delhi Assembly Elections 2025: बीजेपी के ऑफिस के बाहर यमुना के पानी वाली बोतलें छोड़ आए आप नेता, देखें वीडियो

पानी की गुणवत्ता के मुद्दे पर 'आप' का प्रदर्शन लगातार जारी है. इस विरोध प्रदर्शन के तहत 'आप' के नेताओं ने पार्टी मुख्यालय से भाजपा मुख्यालय तक मार्च निकाला, जिसमें सभी प्रदर्शनकारियों के हाथों में पानी की बोतलें थीं.

x
Garima Singh

Delhi Assembly Elections 2025: यमुना नदी में अमोनिया के बढ़े स्तर को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच घमासान तेज हो गया है. इसी बीच, चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पत्र भेजकर पांच प्रमुख सवाल पूछे हैं और स्पष्टीकरण के साथ सबूत प्रस्तुत करने की मांग की है.

आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, पानी की गुणवत्ता के मुद्दे पर 'आप' का प्रदर्शन लगातार जारी है. इस विरोध प्रदर्शन के तहत 'आप' के नेताओं ने पार्टी मुख्यालय से भाजपा मुख्यालय तक मार्च निकाला, जिसमें सभी प्रदर्शनकारियों के हाथों में पानी की बोतलें थीं.

भाजपा मुख्यालय के पास रोके गए 'आप' नेता

इन बोतलों पर चार अलग-अलग नाम लिखे थे. अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि इनमें अमोनिया का स्तर 7 पीपीएम तक पहुंच गया है. आम आदमी पार्टी के नेता इन बोतलों को भाजपा के प्रमुख नेताओं को सौंपना चाहते थे, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम शामिल था. हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भाजपा मुख्यालय से कुछ दूरी पर ही रोक लिया.

आप नेताओं की चुनौती

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने इन बोतलों को एक पेड़ के पास रख दिया और पुलिस से अनुरोध किया कि वे इसे भाजपा मुख्यालय तक पहुंचा दें. इन पानी की बोतलों पर नामों की स्लिप भी लगी हुई थी. आम आदमी पार्टी ने चुनौती दी है कि अगर यह पानी पूरी तरह से स्वच्छ है, तो भाजपा और कांग्रेस के नेता इसे प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीकर दिखाएं। यदि ऐसा होता है, तो 'आप' अपने आरोप वापस लेने के साथ माफी भी मांगेगी.