T20 World Cup 2026

AK47 लिए पाकिस्तानियों के साथ बंगाली शख्स ने शेयर की फोटो, कैप्शन में लिखा- पाकिस्तानी भैया

पश्चिम बंगाल के एक युवक ने सोशल मीडिया पर हथियार पकड़े लोगों के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट कीं और कैप्शन दिया "पाकिस्तानी भैया".

Social Media
Gyanendra Tiwari

इंडिया टूडे की एक रिपोर्ट के अनुसार पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के एक युवक ने फेसबुक स्टोरी में कुछ तस्वीरें साझा कीं. उसने तस्वीर का कैप्शन पाकिस्तानी भैया दिया. इन तस्वीरों में एके-47 जैसी राइफलों का इस्तेमाल होता दिख रहा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है.

तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई. वरिष्ठ अधिकारियों को जब इनका संज्ञान मिला, तो तुरंत मामला दर्ज किया गया. कृष्णनगर कोतवाली थाने में युवक के खिलाफ मामला शनिवार को दर्ज किया गया. पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है और उसके फेसबुक अकाउंट की गहराई से जांच की जा रही है.

विदेश में हुई मुलाकात की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि युवक करीब तीन साल पहले कतर गया था, जहां वह नौकरी कर रहा था. एक साल पहले वह भारत लौटा और मुंबई में अपने किसी रिश्तेदार के होटल में काम करने लगा. आशंका जताई जा रही है कि वहां उसकी मुलाकात इन पाकिस्तानी नागरिकों से हुई हो सकती है.

परिवार से भी की जा रही पूछताछ

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक को आखिरी बार ईद के दौरान गांव में देखा गया था. उसके माता-पिता से पूछताछ की जा रही है. परिजनों का कहना है कि युवक तीन साल पहले गांव से भाग गया था, क्योंकि उसने एक शादीशुदा हिंदू महिला के साथ भागकर शादी कर ली थी. उसके बाद से परिवार ने उससे कोई संपर्क नहीं रखा.

देश में अलर्ट, हर कोण से हो रही जांच

हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी. इस हमले के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. ऐसे माहौल में युवक की ये तस्वीरें सामने आना गंभीर चिंता का विषय बन गया है. पुलिस हर संभव कोण से मामले की जांच कर रही है.