IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

वंदे भारत ट्रेन में दाल में तैर रहा था कीड़ा, फोटो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया में बवाल, रेलवे को मांगनी पड़ी माफी

देश की सबसे हाई-प्रोफाइल ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह तकनीकी नहीं, बल्कि खाने में गड़बड़ी है. एक यात्री को दाल में कीड़ा मिला, जिसकी फोटो वायरल होते ही भारतीय रेलवे की खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

web
Kuldeep Sharma

नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में एक यात्री को दाल में कीड़ा मिला. उसने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा की, जिससे यह मामला सुर्खियों में आ गया. रेलवे ने माफ़ी मांगी, लेकिन यात्रियों की शिकायतों की बाढ़ ने एक बार फिर वंदे भारत के खाने की गुणवत्ता को कठघरे में खड़ा कर दिया है.

मंगलवार को नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री ने खाने में कीड़ा मिलने का आरोप लगाया है. यात्री कोच C3 की सीट 53 पर बैठा था और ट्रेन नंबर 22440 में सफर कर रहा था. उसे परोसी गई दाल में एक काले रंग का कीड़ा तैरता हुआ मिला, जिसकी तस्वीर उसने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर दी. तस्वीर वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे. 

रेलवे ने मांगी माफ़ी

रेलवे की ओर से @RailSeva अकाउंट से तत्काल माफ़ी जारी की गई और घटना पर खेद जताया गया. हालांकि, मामला सिर्फ माफ़ी से खत्म नहीं हुआ. पिछले कुछ महीनों की घटनाओं पर भी लोगों ने ध्यान खींचा. बीते साल इसी ट्रेन में सांभर में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई थी. हाल ही में 7 जुलाई को चिरुवनंतपुरम-मंगलुरु वंदे भारत ट्रेन में करी में मरी हुई छिपकली मिली थी. इन मामलों से यात्रियों का भरोसा लगातार डगमगा रहा है.

लोगों ने की जवाबदेही की मांग

वायरल तस्वीर और बीते मामलों के आधार पर यात्रियों और सोशल मीडिया यूज़र्स ने रेलवे की केटरिंग सर्विस की निगरानी पर सवाल उठाए. लोगों ने मांग की कि खाने की गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए, खाद्य विक्रेताओं की जिम्मेदारी तय की जाए और कर्मचारियों को स्वच्छता पर सख्त प्रशिक्षण दिया जाए. विशेषज्ञों का कहना है कि प्रीमियम ट्रेनों में बार-बार इस तरह की घटनाएं होना न केवल शर्मनाक है, बल्कि यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ है.