Ahmedabad News: अहमदाबाद में बुधवार को दो बहनों ने अभयम महिला हेल्पलाइन पर संपर्क कर अपनी मां द्वारा मारपीट की शिकायत दर्ज की. मामला तब शुरू हुआ जब दोनों बहनों ने घर के खाने से ऊबकर ऑनलाइन ऐप से खाना मंगवाया. हेल्पलाइन की टीम ने दोनों बहनों को उनके दादा-दादी की देखरेख में सौंप दिया.
हेल्पलाइन के एक काउंसलर ने बताया कि जब उनकी टीम मौके पर पहुंची, तो दोनों बहनों ने अपनी आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता का तलाक पांच साल पहले हो चुका है. उनका भाई अब उनके पिता के साथ रहता है, जबकि वे दोनों अपनी मां के साथ रहती हैं. बहनों ने बताया कि मां का जीवनशैली, देर रात तक बाहर रहना और शराब पीना तलाक की मुख्य वजहों में शामिल था.
अहमदाबाद में सामने आया अजीबोगरीब मामला
दोनों बहनें अपनी पढ़ाई के लिए हॉस्टल में रहती थीं, लेकिन हाल ही में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए घर लौटी थीं. उन्होंने काउंसलर को बताया कि मां के घर पर न होने पर वे अक्सर खुद खाना बनाती थीं. बुधवार को जब मां बाहर गई थीं, तो बहनों ने ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया. देर रात करीब 12 बजे जब मां लौटीं, तो उन्होंने नशे की हालत में दोनों को डांटा और मारपीट की.
मां ने की पिटाई तो दो बहनों ने कर दी महिला हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज
परेशान होकर बहनों ने अभयम हेल्पलाइन पर कॉल किया. टीम के पहुंचने पर मां ठीक से बात करने की स्थिति में नहीं थीं. उन्होंने उल्टा अपनी बेटियों पर इल्जाम लगाया कि वे उन्हें अपनी जिंदगी अपनी तरह से जीने से रोक रही हैं. बहनों ने हेल्पलाइन से सरकारी सुविधा केंद्र में शिफ्ट करने की गुहार लगाई.
हालांकि काउंसलर ने उनकी पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए उन्हें परिवार के साथ रहने की सलाह दी. टीम ने उनके दादा-दादी से बात की, जो उनकी देखभाल के लिए तैयार हो गए. मां को भी काउंसलिंग दी गई और अपनी बेटियों की पढ़ाई व भविष्य के लिए अपनी आदतों में सुधार लाने को कहा गया.