Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

AAP नेता आतिशी पहुंची अहमदाबाद, विमान हादसे के पीड़ित घायलों और परिवारों से की मुलाकात

आम आदमी पार्टी ने इस संकट की घड़ी में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है. आतिशी ने बताया कि AAP कार्यकर्ता हादसे के पहले दिन से ही राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं. उन्होंने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है.

Social Media
Mayank Tiwari

आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने शनिवार (14 जून) को अहमदाबाद का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुए दिल दहलाने वाले एयर इंडिया विमान हादसे में घायल हुए लोगों और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया. आतिशी ने इस हादसे में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी समेत सभी पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की.

दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. अस्पताल के डॉक्टरों से हादसे की विस्तृत जानकारी लेने के बाद उन्होंने कहा, “सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टरों से पूरी घटना के बारे में सुनकर दिल दहल गया. सभी सबसे पहले मदद के लिए पहुंचने वाले डॉक्टर्स, प्रशासन, फायर सर्विस, स्थानीय निवासियों को मेरा सलाम. इतनी मुश्किल परिस्थिति में लोगों की मदद करने के लिए सामने आना बहुत पुण्य का काम है.”

सिविल अस्पताल में घायलों से आतिशी ने की मुलाकात

पूर्व सीएम आतिशी ने यह भी बताया कि आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता प्रशासन, पीड़ित परिवारों, और अस्पताल की हरसंभव सहायता के लिए तत्पर हैं. AAP कार्यकर्ताओं ने हादसे के दिन से ही फायर ब्रिगेड और शवों को निकालने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.

हादसे का दर्दनाक मंजर

आतिशी ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा, “अहमदाबाद में जो एयर इंडिया विमान की दुर्घटना हुई है, वह दिल दहला देने वाला हादसा था. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जिन परिवारों के लोग घायल हैं, आज हम यहां उनके प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए आए हैं.”

इस हादसे में विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई. दुर्घटनास्थल पर कई मेडिकल छात्रों और स्थानीय लोगों की भी जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए. आतिशी ने बताया कि घायल छात्रों में से कई को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, लेकिन कुछ स्थानीय लोग अभी भी गंभीर हालत में हैं. कई पीड़ितों को जलने के कारण आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है.

विजय रुपाणी के निधन पर शोक

हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए आतिशी ने कहा, “विजय रुपाणी गुजरात के बहुत बड़े नेता रहे. उनके परिवार के प्रति हमारी संवेदना है. विजय रुपाणी के असमय निधन से परिवार को गहरा सदमा लगा है.” उन्होंने पूरे देश की ओर से पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में सभी परिवारों के साथ देशवासी खड़े हैं.

AAP ने कि जांच की मांग

आतिशी ने इस हादसे की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, “मामले की सही जांच होनी चाहिए. जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक हम जांच की प्रक्रिया पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते.” उन्होंने प्रशासन और अस्पताल की टीम को भरोसा दिलाया कि AAP कार्यकर्ता किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे.

AAP की प्रतिबद्धता

आम आदमी पार्टी ने इस संकट की घड़ी में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है. आतिशी ने बताया कि AAP कार्यकर्ता हादसे के पहले दिन से ही राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं. उन्होंने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है.