West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

Aaj Ka Mausam: देश के इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का खतरा, IMD ने जारी की बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी

भारत मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अरब सागर में मौसमीय गतिविधियों से पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और उत्तर-पूर्व भारत में अगले कुछ दिनों तक मूसलाधार बारिश होगी. दिल्ली में ठंडक रहेगी जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में बाढ़ की आशंका है.

Social Media
Km Jaya

Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का ताजा अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और इसके आसपास के इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र के साथ-साथ पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और अरब सागर के ऊपर चक्रवाती हवाओं का असर मौसम पर गहरा पड़ेगा. इन सिस्टम्स के कारण देश के पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक जोरदार बारिश जारी रहेगी.

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार और पश्चिम बंगाल में लगातार भारी बारिश होगी. कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का भी अनुमान है. इससे निचले इलाकों में जलभराव और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का खतरा रहेगा.

दिल्ली-एनसीआर में ठंडक और राहत

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस सप्ताह मौसम सुहावना रहेगा. अधिकतम तापमान सामान्य से 1-5 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा. बीच-बीच में बारिश होने से उमस में राहत मिलेगी, लेकिन अचानक तेज बारिश से ट्रैफिक और जलभराव की दिक्कत हो सकती है.

तेज हवाएं और मूसलाधार बारिश

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से दक्षिण भारत में भी बारिश तेज होगी. केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में लगातार भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी. समुद्र में लहरें ऊंची होने से मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

उत्तर-पश्चिम भारत में लगातार बरसात

पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती सिस्टम के कारण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी से बहुत भारी बारिश होगी. इन पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की संभावना है.

उत्तर-पूर्व भारत में भारी बारिश

असम और मेघालय में 16 अगस्त को बहुत भारी बारिश होगी. नमी से भरे बादल लगातार इन राज्यों में बारिश करवाते रहेंगे, जिससे बाढ़ की स्थिति बिगड़ सकती है.

पश्चिम भारत में मौसम की स्थिति 

कोकण और गोवा में 17 अगस्त को अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. घाट इलाकों में लंबे समय तक भारी बारिश होगी, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित हो सकता है. IMD ने लोगों को सावधान रहने, गैर-जरूरी यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव से बचाव जरूरी है.