IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

देश में बढ़ता जा रहा ठंड का प्रकोप, इन राज्यों में जारी हुआ घने कोहरे का अलर्ट, जानें वेदर अपडेट

उत्तर भारत में सर्दी तेज हो गई है. 16 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की चेतावनी दी गई है. दिल्ली एनसीआर में ठंड और प्रदूषण दोनों ने परेशानी बढ़ा दी है.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है. 14 दिसंबर 2025 को राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने उत्तर भारत और पूर्वी भारत के 16 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी को लेकर भी चेतावनी दी गई है.

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के मनाली, शिमला, समदो, ताबो और कुकुमसेरी में भारी बर्फबारी की संभावना है. उत्तराखंड के नैनीताल, मसूरी और चमोली में तापमान तेजी से गिर रहा है. इन इलाकों में ठंड के साथ जनजीवन प्रभावित हो सकता है. दिल्ली, शिमला, मनाली, देहरादून, गुलमर्ग और श्रीनगर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे. 

मनाली में भारी बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. 

अन्य शहरों में कैसी है मौसम की स्थिति?

उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है. बिहार के पटना, सारण, बक्सर, भोजपुर, पूर्णिया और अररिया में कोहरे का अलर्ट है.  उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, अयोध्या और बाराबंकी में भी सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है. राजस्थान के जयपुर और कोटा के साथ मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में भी घने कोहरे की चेतावनी दी गई है.

उत्तर प्रदेश में दिन में हल्की ठंड और रात में ठिठुरन महसूस की जा रही है. पश्चिमी यूपी के तराई क्षेत्रों और पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में घना कोहरा छा सकता है.

दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम?

दिल्ली में आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. प्रदूषण के कारण दिल्ली एनसीआर में ग्रैप 4 लागू किया गया है जिससे लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

आने वाले दिनों में कैसी होगी मौसम की स्थिति?

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखा गया है. शेखावाटी और माउंट आबू जैसे ठंडे इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है जबकि 19 दिसंबर तक मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है.