बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय, रितेश देशमुख और आफताब शिवदासानी इस समय अपनी कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी ‘मस्ती 4’ के प्रमोशन में जुटे हुए हैं. फिल्म की रिलीज़ से पहले एक इंटरव्यू के दौरान विवेक ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक ऐसा हादसा साझा किया, जिसने उनकी ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल दी. मैशेबल इंडिया से बातचीत में उन्होंने राजस्थान में फिल्म ‘रोड’ की शूटिंग के दौरान हुए एक बेहद डरावने अनुभव को याद किया, जहां उनकी जान जाने से बाल-बाल बच गई थी.
रात के समय तेज रफ्तार बनी खतरा
विवेक ने बताया कि वह शूटिंग के दौरान बीकानेर से जैसलमेर जा रहे थे. रास्ता खूबसूरत था, लेकिन अंधेरा होने की वजह से दृश्यता कम थी.
उन्होंने कहा, 'मैंने ड्राइवर को 15–20 बार कहा कि धीरे चलाओ. रात थी, कम विज़िबिलिटी थी, पर वो मान नहीं रहा था. मैं आगे की सीट पर था और उस हादसे के बाद कभी आगे की सीट पर नहीं बैठा.' उन्होंने बताया कि थकान की वजह से उन्होंने सीट को थोड़ा पीछे कर लिया था और तभी अचानक तेज़ आवाज के साथ कार की जोरदार टक्कर हुई.
विवेक के अनुसार अचानक सड़क पर एक ऊंटगाड़ी आ गई, जिस पर लंबी–लंबी छड़ें लदी थीं. कार की रफ्तार ज्यादा होने के कारण वाहन सीधा ऊंटगाड़ी की छड़ों से टकरा गया. उन्होंने कहा, “वे छड़ें विंडशील्ड तोड़कर अंदर घुस आईं. अगर मेरी सीट सीधी होती, तो वे मेरे शरीर में घुस जातीं. मैं बाहर निकल भी नहीं पा रहा था क्योंकि छड़ें मेरे ऊपर थीं.”
हालांकि हादसा खतरनाक था, लेकिन चमत्कारिक रूप से उन्हें खरोंच तक नहीं आई. इस घटना ने उन्हें गहरा सदमा दिया और उन्होंने फैसला किया कि वह कभी रात में लंबी दूरी की यात्रा नहीं करेंगे.
दूसरा अनुभव जिसने बदल दी आदत
विवेक ने एक और घटना का जिक्र किया, जिसमें उनका ड्राइवर लगातार तेज़ गति से वाहन चला रहा था. उन्होंने सावधानी बरतते हुए ड्राइवर को वॉशरूम जाने के बहाने कार रोकने को कहा, और जैसे ही ड्राइवर नीचे उतरा, विवेक ने उससे कार की चाबी लेकर खुद गाड़ी चलाना शुरू कर दिया. उन्होंने कहा कि यह घटना उन्होंने इसलिए साझा की ताकि लोग समझें कि सड़क पर लापरवाही किस हद तक जानलेवा साबित हो सकती है.
विवेक ओबेरॉय, जो पहले भी ‘मस्ती’ फ्रेंचाइज़ी की तीन फिल्मों में नज़र आ चुके हैं, एक बार फिर अपने कॉमिक अंदाज़ में दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं. ‘मस्ती’, ‘ग्रैंड मस्ती’ और ‘ग्रेट ग्रैंड मस्ती’ में उनकी परफॉर्मेंस को पसंद किया गया था और अब दर्शक ‘मस्ती 4’ को लेकर भी उत्साहित हैं.