T20 World Cup 2026

The Bhootnii Movie Review: 'स्त्री' और 'मुंज्या' के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'द भूतनी', हॉरर कॉमेडी फिल्म देखने से पहले पढ़ लें रिव्यू

सनी सिंह, संजय दत्त, मौनी रॉय और पलक तिवारी स्टारर फिल्म 'द भूतनी' आज यानी 1 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. इस हॉरर कॉमेडी को अगर आप देखने का प्लान बना रहे हैं तो पहले फिल्म का रिव्यू पढ़ लें. 

Pinteres
Antima Pal

The Bhootnii Movie Review: भूतनी एक ऐसी फिल्म है जो हंसी का भरपूर डोज देती है. अपने ट्रेलर की तरह ही फिल्म की कहानी भी रोमांचकारी है. कहानी में कई चौंकाने वाले मोड़ भी हैं. हॉरर कॉमेडी फिल्म के जॉनर में एक रोमांटिक ड्रामा पेश किया गया है. फिल्म में मनोरंजक वन-लाइनर्स और क्लासिक हॉरर ट्रॉप्स हैं, जो आपको हंसाएंगे और साथ ही इसे देखने लायक भी बनाएंगे.

'स्त्री' और 'मुंज्या' के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'द भूतनी'

फिल्म की शुरुआत सेंट विंसेंट कॉलेज नाम के एक कॉलेज से होती है. यहां हर साल वैलेंटाइन डे के आसपास एक पुराना पेड़, वर्जिन ट्री एक्टिव हो जाता है. कॉलेज के लोग इसे मजाक समझते हैं, लेकिन धीरे-धीरे अजीबोगरीब घटनाएं होने लगती हैं. जैसे-जैसे होली करीब आती है, माहौल अजनबी होता जाता है. ये 27 दिनों की कहानी है, जिसमें डर है, हंसी है, दोस्ती है, प्यार है और थोड़ा तनाव भी है. 


क्या है फिल्म की कहानी?

हॉरर कॉमेडी की शुरुआत शांतनु (सनी सिंह) द्वारा पेड़ के सामने अपने जीवन का सच्चा प्यार पाने की इच्छा जाहिर करने से होती है. इसके बाद कहानी वर्तमान में चलने लगती है, जहां हाल ही में उसका ब्रेकअप हुआ है. फिल्म में साहिल (निक) और नासिर (आसिफ खान) भी हैं. शांतनु अनन्या (पलक तिवारी) का बहुत अच्छा दोस्त है, लेकिन वो इस बात से अनजान है कि वो उससे प्यार करती है. कहानी एक ऐसे छात्र की है, जो होली के दिन आत्महत्या कर लेता है. पोस्टमार्टम से पता चलता है कि छात्र की मौत मिर्गी का दौरा पड़ने से हुई है और ये आत्महत्या जैसा लग रहा है.

'भूतनी' बनकर जमी मौनी रॉय

फिर कॉलेज में भूत-प्रेत भगाने वाले बाबा (संजय दत्त) को लाया जाता है, जो एक पूर्व छात्र भी है. शांतनु आगे बढ़ने की कोशिश करता है, फिर उसका सामना मोहब्बत (मौनी रॉय) नाम की लड़की से होता है. शांतनु को पता नहीं होता कि मोहब्बत असल में एक भूत है और वह उससे प्यार करने लगता है और यहीं से परेशानी शुरू होती है. वह शांतनु और उसके दोस्तों को अपने रिश्ते को बनाए रखने में मदद करने के लिए मजबूर करती है, लेकिन इसके बाद जो होता है वह आपको चौंका देगा.

संजय दत्त ने फैंस को किया इंप्रेस

संजय दत्त भूत पकड़ने वाले बाबा का किरदार निभा रहे हैं. उन्हें देखकर ऐसा लगता है जैसे ये रोल उनके लिए ही बना हो. उनका अंदाज बिल्कुल अलग है और वो हर सीन में अपनी छाप छोड़ते हैं. सनी सिंह ने फिल्म के मुख्य किरदार शांतनु का किरदार निभाया है. उनका मासूम चेहरा और सच्ची एक्टिंग किरदार को और भी दिलकश बनाती है. पलक तिवारी ने एक इमोशनल किरदार निभाया है जो पूरी फिल्म में संतुलन बनाए रखती है. आत्मा मोहब्बत का किरदार निभाने वाली मौनी रॉय के एक्सप्रेशन और एक्टिंग फिल्म में दमदार है. वो आपको एक पल में डराती हैं. निक और आसिफ खान ने फिल्म में तड़का लगाया है.

आपको भरपूर एंटरटेन करेगी हॉरर कॉमेडी

'एक विलेन' जैसी फिल्म से पहचान बनाने वाले सिद्धांत सचदेव ने इस बार नया जॉनर आजमाया है. हॉरर और कॉमेडी को एक साथ लाना आसान नहीं है, खासकर तब जब लोग पहले ही 'स्त्री' जैसी बेहतरीन फ्रेंचाइजी का लुत्फ उठा चुके हों, लेकिन इस फिल्म में निर्देशक ने लोगों को हंसाने और डराने दोनों में ही सफलता पाई है. निर्देशक का विजन स्क्रीन पर साफ नजर आता है. 'द भूतनी' एक ऐसी फिल्म है जिसे आप सिर्फ डरने के लिए ही नहीं बल्कि मनोरंजन और इमोशन के लिए भी देख सकते हैं. यह फिल्म आपको हंसाती है, सोचने पर मजबूर करती है और सबसे बड़ी बात यह आपको बोर नहीं करती है.