विजय को देख एयरपोर्ट पर बेकाबू हुए फैंस, भारी भीड़ के बीच धड़ाम से गिर पड़े TVK प्रमुख
मलेशिया से चेन्नई लौटते समय एक्टर और तमिलगा वेट्री कजगम के प्रमुख विजय एयरपोर्ट पर फैंस की भारी भीड़ में लड़खड़ाकर गिर गए. कुछ ही पलों में सुरक्षा टीम ने स्थिति पर काबू पा लिया और उन्हें सुरक्षित बाहर ले जाया गया.
मुंबई: रविवार देर रात चेन्नई एयरपोर्ट पर माहौल उस समय बदल गया जब साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर और राजनीति में सक्रिय विजय वहां पहुंचे. मलेशिया से वापसी की खबर पहले ही फैंस तक पहुंच चुकी थी. इसी कारण एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
जैसे ही विजय एयरपोर्ट के एग्जिट गेट की ओर बढ़े वैसे ही फैंस उनकी कार के पास आने लगे. भीड़ अचानक आगे बढ़ी और इसी दौरान विजय का संतुलन बिगड़ गया. कार तक पहुंचने से कुछ ही कदम पहले वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़े. कुछ सेकंड के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया.
सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना होते ही वहां तैनात सुरक्षा कर्मी सतर्क हो गए. उन्होंने विजय को सहारा देकर खड़ा किया और तुरंत उन्हें सुरक्षित रूप से कार में बैठाया. राहत की बात यह रही कि विजय को किसी तरह की चोट नहीं आई. कुछ ही पलों में हालात पूरी तरह सामान्य हो गए.
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक रात का समय होने के बावजूद एयरपोर्ट पर भारी भीड़ मौजूद थी. फैंस अपने पसंदीदा नेता और एक्टर की एक झलक पाने के लिए काफी उत्साहित थे. विजय की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विदेश यात्रा से लौटने पर भी इतनी बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने पहुंचे.
काफिले से जुड़ी खबरों पर सस्पेंस
कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि विजय के काफिले की एक गाड़ी एयरपोर्ट परिसर में हल्की दुर्घटना का शिकार हुई. हालांकि इस बारे में किसी भी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया. प्रशासन की ओर से इस खबर की पुष्टि नहीं की गई है. इससे पहले 27 दिसंबर को विजय ने कुआलालंपुर के बुकिट जलील स्टेडियम में आयोजित जन नायकन ऑडियो रिलीज कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. इस कार्यक्रम में करीब एक लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए थे. इसे मलेशिया में किसी फिल्म के ऑडियो कार्यक्रम के लिए अब तक की सबसे बड़ी भीड़ के रूप में दर्ज किया गया.
मंच से विजय का भावुक संदेश
कार्यक्रम के दौरान विजय ने मंच से फैंस को संबोधित करते हुए अपने जीवन और करियर को लेकर भावुक बातें साझा कीं. उन्होंने कहा कि सिनेमा में आने के समय उन्होंने खुद को साधारण समझा था लेकिन फैंस ने उन्हें अपार प्यार और सम्मान दिया. इसी कारण वह अब जनता के लिए खुद को समर्पित करना चाहते हैं.
विजय ने अपने भाषण में साफ किया कि वह सार्वजनिक जीवन पर ज्यादा ध्यान देने के लिए सिनेमा से दूरी बना रहे हैं. उनकी यह बात पहले से ही उनके समर्थकों के बीच चर्चा में बनी हुई है. कई लोग उन्हें राजनीति में नई भूमिका में देखने को उत्साहित हैं.
और पढ़ें
- फ्रांस की दिग्गज अभिनेत्री ब्रिगिट बार्डोट का 91 वर्ष की आयु में निधन, 'एंड गॉड क्रिएटेड वुमन' से मिला था ग्लोबल पहचान
- 'वो अपनी ही दुनिया में रहते हैं...', दृश्यम 3 विवाद के बीच अरशद वारसी ने बांधे अक्षय खन्ना के तारीफों के पुल
- रणवीर सिंह बने बालीवुड की नई 'खान', धुरंधर को 700 करोड़ पार कराकर रचा बॉलीवुड का नया इतिहास