US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

भारत-साउथ अफ्रीका की महाटक्कर भी नहीं रोक पाई तापसी पन्नू की 'अस्सी' की कमाई, तीन दिन में कमाए इतने करोड़, अब शुरू होगा असली खेल!

तापसी पन्नू की फिल्म अस्सी ने पहले वीकेंड में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है. भारत और साउथ अफ्रीका के टी 20 मैच के बावजूद फिल्म ने तीसरे दिन भी मजबूत कलेक्शन जुटाया. अब असली परीक्षा मंडे से शुरू होगी.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: सोशल मुद्दों पर बनी फिल्मों को थिएटर्स तक दर्शक लाना लंबे समय से चुनौती रहा है. ऐसे में अस्सी ने पहले वीकेंड में उम्मीद जगाई है. रेप जैसे संवेदनशील विषय पर बनी इस फिल्म का डायरेक्शन अनुभव सिन्हा ने किया है. फिल्म में तापसी पन्नू के साथ कनि कुश्रुति, मोहम्मद जीशान अयूब, रेवती, कुमुद मिश्रा और मनोज पाहवा जैसे दमदार कलाकार नजर आए हैं. क्रिटिक्स ने इसे रेप के मुद्दे पर बनी सबसे प्रभावशाली फिल्मों में से एक बताया है.

अस्सी ने पहले दिन करीब 1 करोड़ रुपये से ओपनिंग की. यह आंकड़ा भले बड़ा न लगे, लेकिन फिल्म लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है. ऐसे में यह शुरुआत मजबूत मानी जा रही है. शुक्रवार को मिले शानदार रिव्यूज का असर शनिवार को साफ दिखा. दूसरे दिन फिल्म ने करीब 60 प्रतिशत की छलांग लगाते हुए लगभग 1.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.

मैच के बावजूद कायम रही पकड़

रविवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी 20 मुकाबला था. ट्रेड को उम्मीद थी कि इस मैच का असर फिल्म की कमाई पर पड़ेगा. लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक अस्सी ने तीसरे दिन भी लगभग 1.6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. अगर मैच न होता तो कलेक्शन और ज्यादा हो सकता था. तीन दिनों में फिल्म करीब 4 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुकी है. यह प्रदर्शन पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ की ताकत दिखाता है.

वीकेंड पर ग्रोथ देख चुकी अस्सी के लिए अब वर्किंग डे की असली परीक्षा शुरू होगी. सोमवार का कलेक्शन बताएगा कि फिल्म को तारीफों का कितना फायदा मिल रहा है. अगर मंडे को फिल्म स्थिर कलेक्शन बनाए रखती है तो यह संकेत होगा कि इसे अपनी ऑडियंस मिल चुकी है. ईद तक कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है. ऐसे में अस्सी के पास स्क्रीन बनाए रखने और धीरे धीरे कलेक्शन बढ़ाने का मौका है.

सरप्राइज हिट बनने का मौका

बिना बड़े स्टारकास्ट और भारी प्रमोशन के अस्सी ने जो शुरुआत की है, वह इंडस्ट्री के लिए उम्मीद की किरण है. यह साबित करता है कि अच्छी कहानी और मजबूत कंटेंट अब भी दर्शकों को थिएटर्स तक खींच सकता है. अब सबकी नजर मंडे के आंकड़ों पर है. अगर फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी तो अस्सी इस साल की सरप्राइज हिट बन सकती है.