Entertainment News: साल 2023 में आई संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म एनिमल ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ दिए थे. हालांकि ऑडियंस में इस फिल्म को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं. कुछ लोगों का मानना था कि यह फिल्म साल 2019 में आई वांगा रेड्डी की डेब्यू फिल्म कबीर सिंह से कुछ हद तक समान थी, जबकि कुछ लोगों ने फिल्म में दिखाई गई मारधाड़ को खूब एन्ज्वॉय किया. हालांकि कुछ लोगों का मानना था कि इस फिल्म में मर्दानगी को बढ़ा चढ़ाकर दिखाया गया है और यह फिल्म महिलाओं को नीचा दिखाती है. इसी बीच स्त्री 2 एक्टर राजकुमार राव ने फिल्म को लेकर अपनी ईमानदार राय रखी है.
फिल्म के कुछ सीन को लेकर दिक्कत थी
राजकुमार राव ने कहा कि उन्हें रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल खूब पसंद आई. हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि फिल्म के साथ उन्हें कुछ समस्या भी थी. राजकुमार राव ने कहा कि फिल्म में रणबीर कपूर की एक्टिंग उन्हें खूब पसंद आई लेकिन उन्हें फिल्म के कुछ दृश्यों को लेकर दिक्कत थी.
एक्टर ने कहा, 'मुझे एनिमल फिल्म बहुत पसंद आई. फिल्म को देखने का अनुभव शानदार रहा, हां फिल्म के साथ मुझे कुछ दिक्कत थी. फिल्म के कुछ सीन इधर-उधर थे लेकिन कुल मिलाकर मुझे फिल्म बहुत अच्छी लगी. मुझे रणबीर कपूर की एक्टिंग काफी शानदार लगी. उन्होंने कमाल की एक्टिंग की.'
कबीर सिंह को लेकर कही थी ये बात
वहीं संदीप रेड्डी वांगा की पहली फिल्म कबीर सिंह पर भी राव ने प्रतिक्रिया दी. बता दें कि कबीर सिंह में एक सीन था जिसमें शाहिद कपूर फिल्म की एक्ट्रेस और ऑनस्क्रीन गर्लफ्रेंड कियारा आडवाणी को जोर का थप्पड़ जड़ देते हैं. फिल्म के इस सीन ने पूरे देश में तहलका मचा दिया था.
मैं किसी लड़की को थप्पड़ नहीं मार सकता
जब राजकुमार राव से पूछा गया कि क्या वह कबीर सिंह जैसी फिल्म कर सकते हैं? इस पर राजकुमार ने कहा कि वह कभी भी किसी सीन में लड़की को थप्पड़ नहीं मार पाएंगे. उन्होंने कहा कि अगर उनकी फिल्म में ऐसा कुछ होता तो वह फिल्म मेकर्स के साथ बात करते कि क्या इस सीन के बगैर फिल्म नहीं बनाई जा सकती?
राजकुमार राव वर्क फ्रंट
राजकुमार राव इस वक्त अपनी हालिया रिलीज हुई फिल्म स्त्री2 की सफलता को एन्ज्वॉय कर रहे हैं. यह हॉरर कॉमेडी फिल्म अब तक 400 करोड़ से ज्यादा का व्यापार कर चुकी है.