IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

Ranya Rao: यूट्यूब से सीखा सोना छिपाना, पहले कभी तस्करी नहीं की...रान्या राव ने खोले अपने सारे भेद!

कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव पिछले कुछ समय से सोने की तस्करी के आरोप में पुलिस हिरासत में है. जिसमे पुछताछ के दौरान एक्ट्रेस एक के बाद एक नए खुलासे कर रही है. राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) को दिए गए अपने बयान में रान्या राव ने अपनी लगातार विदेश यात्राओं और सोने की तस्करी के बारे में भी जानकारी साझा की

Social Media
Babli Rautela

Ranya Rao: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की हिरासत में मौजूद एक्ट्रेस रान्या राव ने पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए. उन्होंने कबूल किया कि यह पहली बार था जब उन्होंने दुबई से बेंगलुरु में सोने की तस्करी की थी. इतना ही नहीं, रान्या ने दावा किया कि उन्हें विदेशी नंबरों से लगातार फोन कॉल आ रहे थे और उन्होंने YouTube वीडियो से सोना छिपाने की तकनीक सीखी थी.

रान्या राव को बेंगलुरु एयरपोर्ट से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह 14.2 किलोग्राम सोना बिस्किट के रूप में अपने शरीर पर बांधकर भारत ला रही थीं. इस सोने की कीमत 12.56 करोड़ रुपये बताई जा रही है. दिलचस्प बात यह है कि रान्या कर्नाटक के डीजीपी के. रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं, जिससे यह मामला और भी ज्यादा सुर्खियों में आ गया है.

कैसे हुई तस्करी की शुरुआत?

पूछताछ के दौरान, रान्या ने बताया कि उन्हें 1 मार्च को एक विदेशी नंबर से कॉल आया था. वह पहले भी कई अनजान विदेशी नंबरों से कॉल रिसीव कर चुकी थीं. उन्हें दुबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के गेट ए पर जाने का निर्देश दिया गया था, जहां उन्हें सोना लेकर बेंगलुरु पहुंचाने के लिए कहा गया था. शुरुआत में, रान्या ने कहा था कि उन्होंने पहले कभी दुबई से सोने की तस्करी नहीं की, लेकिन बाद में अपने बयान से पलटते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि यह उनकी पहली तस्करी थी.

रान्या ने खुलासा किया कि उन्होंने एयरपोर्ट पर क्रेप बैंडेज और कैंची खरीदी और शौचालय में जाकर सोने को अपने शरीर से चिपका लिया. रान्या ने बताया कि, 'सोना दो प्लास्टिक से ढके पैकेट में था. मैंने एयरपोर्ट के शौचालय में सोने की छड़ें अपने शरीर से चिपका लीं और उसे अपनी जींस और जूतों में छिपा लिया. मैंने यह तरीका YouTube वीडियो देखकर सीखा,' 

किस नंबर से रान्या राव को आ रहे थे कॉल

डीआरआई द्वारा यह पूछे जाने पर कि उन्हें निर्देश देने वाला कौन था, रान्या ने कहा कि उन्हें असली पहचान नहीं पता. एक्ट्रेस ने कहा, 'मुझे पूरी तरह से यकीन नहीं है कि मुझे कॉल किसने किया. लेकिन कॉल करने वाले का उच्चारण अफ्रीकी-अमेरिकी जैसा था,' रान्या ने यह भी बताया कि उन्होंने सुरक्षा जांच के बाद सोने की छड़ें एक अजनबी को सौंप दीं. उन्होंने उस शख्स की पहचान बताते हुए कहा कि 'वह लगभग 6 फीट लंबा और गोरा था.'

पूछताछ के दौरान, रान्या ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने अपनी फ्लाइट टिकट जतिन विजय कुमार के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके बुक की थी. हालांकि, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि जतिन इस मामले में किसी तरह शामिल थे या नहीं.