Raja Shivaji vs Ek Din Day 2: बॉक्स ऑफिस पर साई पल्लवी से भिड़े रितेश देशमुख, राजा शिवाजी ने मचाया धमाल; ढेर हुई 'एक दिन'

'राजा शिवाजी' और 'एक दिन' के बीच बॉक्स ऑफिस मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है. जहां रितेश देशमुख की फिल्म मजबूत बनी हुई है वहीं साई पल्लवी की फिल्म दूसरे दिन ही कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉक्स ऑफिस पर जब दो बड़ी फिल्में आमने सामने आती हैं तो मुकाबला और भी ज्यादा दिलचस्प हो जाता है. इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है. एक तरफ है इतिहास से जुड़ी फिल्म राजा शिवाजी और दूसरी तरफ नई जोड़ी के साथ आई फिल्म 'एक दिन'. पहले दो दिनों के आंकड़े सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि दर्शकों का झुकाव किस फिल्म की तरफ है.

राजा शिवाजी ने रिलीज के पहले दिन ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है. फिल्म ने दो दिनों में 11.35 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ओपनिंग की है. खास बात यह रही कि फिल्म हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में रिलीज हुई और दोनों ही वर्जन को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. हिंदी वर्जन से फिल्म ने 3.35 करोड़ रुपये और मराठी वर्जन से 8 करोड़ रुपये की कमाई ने फिल्म को मजबूत शुरुआत दिलाई. 

दूसरे दिन राजा शिवाजी में आई हल्की गिरावट

दूसरे दिन यानी पहले शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में करीब 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद फिल्म ने 10.55 करोड़ रुपये की कमाई की है. हिंदी वर्जन से 3.40 करोड़ रुपये और मराठी वर्जन से 7.15 करोड़ रुपये आए. कुल मिलाकर फिल्म ने दो दिनों में 21.90 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है जबकि ग्रॉस कलेक्शन 26.06 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यह आंकड़े दिखाते हैं कि फिल्म की पकड़ अभी भी मजबूत बनी हुई है और आने वाले दिनों में यह और बेहतर प्रदर्शन कर सकती है.

'एक दिन' को नहीं मिला दर्शकों का साथ

'एक दिन' से उम्मीदें काफी थीं क्योंकि इसमें नई जोड़ी देखने को मिल रही है. यह फिल्म साई पल्लवी की हिंदी सिनेमा में एंट्री भी है. लेकिन पहले दिन के बाद ही फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आई. पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये कमाने वाली इस फिल्म ने दूसरे दिन सिर्फ 1 करोड़ रुपये की कमाई की.

दूसरे दिन फिल्म के कलेक्शन में 13 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. कुल मिलाकर फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 2.15 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 2.57 करोड़ रुपये हो गया है. विदेशों में भी फिल्म का प्रदर्शन खास नहीं रहा. दूसरे दिन सिर्फ 0.15 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इसका कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 2.82 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है. यह आंकड़े साफ संकेत देते हैं कि फिल्म को दर्शकों से उम्मीद के मुताबिक समर्थन नहीं मिल रहा है.